Skip to main content

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। उनके पास से एक क्विंटल तीन किलो चांदी और तीन लाख 75 हजार रुपये नकद बरामद हुआ। चांदी की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। तीनों युवक चांदी और रुपये वाराणसी से बिहार ले जा रहे थे।

पीडीडीयू नगर (चंदौली)। रेलवे सुरक्षा बल व राजकीय रेलवे पुलिस ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से रविवार को चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म एक व दो से तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक क्विंटल तीन किलो चांदी के साथ तीन लाख 75 हजार नगदी बरामद हुई।

बरामद चांदी की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है तीनों युवक चांदी व रुपये वाराणसी से बिहार ले जा रहे थे। संदिग्ध युवकों को जीआरपी हिरासत में लेकर कार्रवाई में जुट गई।

चेकिंग टीम को देखकर भागने लगे थे संदिग्ध

दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप रावत व जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भीड़-भाड़ को देखते हुए जंक्शन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच उन्होंने प्लेटफॉर्म पर तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। तीनों युवक चेकिंग टीम को देखकर इधर-उधर भागने लगे। जीआरपी जवानों ने तत्काल उनके पास मौजूद पिट्ठू बैगों की तलाशी ली, जिसमें से भारी संख्या में चांदी के सिल्ली बरामद करने के साथ ही 3 लाख 75 लाख रुपया नगद मिला।

चांदी की कीमत 1 करोड़ रुपये आंकी गई

इसके बाद सभी संदिग्धों को थाने ले आया गया। पुलिस पूछताछ में संदिग्धों ने बताया कि चांदी कोलकाता ले जा रहे थे। जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई। इतना ही नहीं, चांदी की सिल्ली के संबंध में उनके पास किसी प्रकार के कोई कागजात मौजूद नहीं थे। इसके बाद जीआरपी ने पूरे मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी।

जीआरपी ने आयकर विभाग को सुपुर्द कर दिया

आयकर विभाग के आते ही जीआरपी ने तीनो संदिग्धों के साथ चांदी के आभूषण उन्हें सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार तीनों अभियुक्त राकेश यादव, सुदीपतो मंडल, अभिजीत मंडल पश्चिम बंगाल निवासी हैं। इस संबंध में सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि जीआरपी ने चेकिंग के दौरान तीनों संदिग्धों के पास से चांदी व नगदी बरामद की है।

अभियुक्त राजधानी एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल जाने की फिराक में थे। तभी पकड़ लिए गए। इससे पूर्व भी तस्करी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। जीएसटी व इनकम टैक्स विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है।

News Category