Skip to main content

बलिया में ‘दिशा’ बैठक: विकास पर मंथन, सांसद-मंत्री के सामने खुली कई विभागों की पोल

बलिया : जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में सांसद सलेमपुर रमाशंकर राजभर की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सांसद सनातन पांडेय, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. बैठक में 58 बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

साथ ही प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत एनएच-31 से टुटवारी, बघौना और दुलारपुर गांव को जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत तत्काल कराने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए.

जिले के दयाछपरा चट्टी से भुवालछपरा होते हुए नौरंगा तक सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने को कहा गया. एनएच-31 पर लगने वाले जाम की समस्या के निस्तारण के लिए भी संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया.

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को जांच कराने के निर्देश दिए गए. महिला स्वयं सहायता समूहों के तहत सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित कराने तथा उनकी सूची बलिया एनआईसी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया.

बताया बलिया में दुग्ध उत्पादन पूर्व से स्थापित है उसको पुनः शुरू करने पर चर्चा हुई. जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इसका प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिकंदरपुर तहसील के ग्राम मालदा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए. स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए.

News Category