Skip to main content

Fresh Snowfall in Uttarakhand: उच्च हिमालय में बर्फबारी शुरू, निखरा पंचाचूली और नागनीधूरा का सौंदर्य 

उत्तराखंड में ताजा हिमपात ने पंचाचूली और नागनीधूरा की खूबसूरती बढ़ा दी है। हिमालय की इन दो प्रमुख चोटियों पर बर्फबारी के बाद पर्यटन संस्थाएं और कारोबारी शीतकालीन पर्यटन की तैयारियों में जुट गए हैं। पांच चोटियों के समूह पंचाचूली में यूं तो वर्षभर बर्फ दिखाई देती है लेकिन मानसून काल में बर्फ कम हो जाने से कुछ चोटियों का सौंदर्य कुछ कम हो जाता है। 

पिथौरागढ़:- उच्च हिमालय में हिमपात शुरू होने लगा है। शुक्रवार को ताजा हिमपात के बाद हिमालय की दो प्रमुख चोटी पंचाचूली और नागनीधूरा का सौंदर्य निखर आया है।

उच्च हिमालय में शुरू हुए हिमपात के बाद अब पर्यटन संस्थाएं और कारोबारी शीतकालीन पर्यटन की तैयारियों में जुट गए हैं।

कुछ दिनों से पंचाचूली की चोटियों पर हल्का हिमपात

पांच चोटियों के समूह पंचाचूली में यूं तो वर्षभर बर्फ दिखाई देती है, लेकिन मानसून काल में बर्फ कम हो जाने से कुछ चोटियों को सौंदर्य कुछ कम हो जाता है। पिछले कुछ दिनों से पंचाचूली की चोटियों पर हल्का हिमपात शुरू हो गया है।

गुरुवार की रात से शुक्रवार की सुबह तक हिमपात के बाद अब सभी चोटियां बर्फ से भरी हुई दिखाई दीं। मुनस्यारी की दूसरी ऊंची चोटी नागनीधूरा का सौंदर्य भी हिमपात के बाद खिल उठा है। जिले में गुरुवार की रात जमकर वर्षा हुई। धारचूला तहसील में सर्वाधिक 61.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।

अतिवृष्टि की मार झेल रही बंगापानी तहसील में 45 और तेजम में 50 मिमी वर्षा हुई है। भारी वर्षा के चलते नदी नाले फिर उफान पर आ गए हैं। डीडीहाट तहसील में 52 और पिथौरागढ़ में 27 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।

आदि कैलास यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू

आदि कैलास यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से संचालित होने वाली यात्रा के लिए आनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है।

यात्रा की संभावित तिथि 20 सितंबर रखी गई है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि दूसरे चरण की यात्रा अक्टूबर अंत तक चलेगी।

News Category