Skip to main content
कोल्हापुर में छत्रपति शाहू महाराज के शासनकाल में बना ऑडिटोरियम आग में जलकर हुआ खाक, सीएम शिंदे ने दिए जांच के आदेश

कोल्हापुर में छत्रपति शाहू महाराज के शासनकाल में बना ऑडिटोरियम आग में जलकर हुआ खाक, सीएम शिंदे ने दिए जांच के आदेश

कोल्हापुर शहर में छत्रपति शाहू महाराज के शासनकाल में 100 साल से भी अधिक समय पहले बना एक ऑडिटोरियम भीषण आग में जलकर खाक हो गया। घटना के बाद सीएम एकनाथ शिंदे ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उसी स्थान पर प्राथमिकता के आधार पर एक नया ऑडिटोरियम बनाया जाए।

कोल्हापुर। पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर शहर में छत्रपति शाहू महाराज के शासनकाल में 100 साल से भी अधिक समय पहले बना एक ऑडिटोरियम भीषण आग में जलकर खाक हो गया, जिसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

जिला अधिकारियों ने बताया कि कोल्हापुर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाला ऑडिटोरियम, केशवराव भोसले नाट्यगृह, गुरुवार रात लगी आग में जलकर खाक हो गया।

छत्रपति शाहू महाराज की पहल पर बना था ऑडिटोरियम

इस ऐतिहासिक स्थल का निर्माण 1915 में छत्रपति शाहू महाराज की पहल पर किया गया था, जिन्होंने 1884 से 1922 के बीच कोल्हापुर रियासत पर शासन किया था और अपने सामाजिक सुधारों के लिए जाने जाते हैं।

दिवंगत गायक-अभिनेता केशवराव भोसले के नाम पर बना यह ऑडिटोरियम शहर के खासबाग इलाके में स्थित था। इसका प्रबंधन कोल्हापुर नगर निगम (केएमसी) द्वारा किया जाता था।

एक दमकल अधिकारी ने बताया, आग गुरुवार रात करीब 9.45 बजे लगी थी। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आखिरकार रात करीब 11.30 बजे आग पर काबू पा लिया गया।

शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

जिला प्रशासन के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है

ठाणे जिले में सीएम एकनाथ शिंदे ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उसी स्थान पर प्राथमिकता के आधार पर एक नया ऑडिटोरियम बनाया जाए।

कोल्हापुर के संरक्षक मंत्री हसन मुश्रीफ ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि आग की जांच की जाएगी।

फिर से उसी जगह बनेगा नया ऑडिटोरियम

उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 109 साल पहले राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज द्वारा बनवाया गया यह ऑडिटोरियम आग में जलकर खाक हो गया। रोम से लौटने पर शाहू महाराज ने स्थानीय रंगमंच कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए यहां एक ऑडिटोरियम बनवाने का फैसला किया था... कोई सोच भी नहीं सकता था कि ऑडिटोरियम इस तरह नष्ट हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस कार्य के लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि दिए जाने के बाद ऑडिटोरियम का जीर्णोद्धार किया गया था।

मुश्रीफ ने कहा, हम कोल्हापुर के खोए हुए गौरव को पुनः स्थापित करेंगे। हम इस कार्य के लिए धन जुटाने का प्रयास करेंगे।

घटना की होगी जांच- CM शिंदे

मुंबई-नासिक हाईवे के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा, मैंने कोल्हापुर ऑडिटोरियम आग (Kolhapur auditorium fire incident) की घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। मैंने इस संबंध में कोल्हापुर नगर निगम के आयुक्त को निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा, कोल्हापुर के लोगों का इस ऑडिटोरियम से गहरा नाता है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें किसी भी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने आगे कहा कि बिना समय गंवाए सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उसी स्थान पर एक नया ऑडिटोरियम बनाया जाए।

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि ऑडिटोरियम कोल्हापुर की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। उन्होंने घटना की जांच की भी मांग की।

News Category