Skip to main content

बदायूं में मौत का जाम: नशे की चाह में शराब में मिलाया संदिग्ध केमिकल; एक की गई जान, मचा कोहराम

RGANews badayun

Badaun Liquor Death News: बदायूं में जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शराब में केमिकल मिलाए जाने से इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होने की बात सामने आई है।

Badayun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामयखेड़ा गांव में मंगलवार रात हुए हादसे ने पूरे इलाके में कोहराम मचा दिया है। कथित तौर पर केमिकल मिलाकर शराब पीने के बाद तीन लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर बताया जा रहा। तीसरे की मौत हो गई या फिर उसका कहीं गंभीर हालत में निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस पर सस्पेंस बरकरार है। हालांकि, मृतक के परिजन का एक अन्य व्यक्ति की मौत का दावा कर रहे हैं। लेकिन, पुलिस प्रशासन ने उसकी मौत की पुष्टि नहीं की है। इससे एक की मौत की गुत्थी रहस्य बनी हुई है।

क्या है पूरी घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश (54) यशपाल (50) और दामोदर गांव के बाहर एक दुकान पर बैठे शराब पी रहे थे। कुछ ही देर में तीनों की हालत बिगड़ने लगी। उल्टी, घबराहट और शरीर में कमजोरी के लक्षण सामने आए। परिजन आनन-फानन में कमलेश और यशपाल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, यशपाल का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, दामोदर को अस्पताल नहीं लाया गया।

कमलेश के परिजन ने जिला अस्पताल में उसकी भी मौत का दावा किया है। पुलिस ने केवल एक की मौत की ही पुष्टि की है। लिहाजा दामोदर का कहीं निजी हास्पिटल में इलाज चल रहा है, या फिर उसकी हालत में सुधार हो गया। ऐसी स्थिति में दामोदर को लेकर सस्पेंस बरकरार है। दामोदर या उसके परिजन सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि उसकी तबीयत कैसी है।
क्या कहते हैं परिजन?

मृतक कमलेश के परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात गांव निवासी कमलेश (54) और यशपाल (50) गांव के बाहर एक दुकान पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पास के गांव का दामोदर (50) भी उनके साथ शमिल हो गया। बताया जा रहा है कि पास में ही जागरण कार्यक्रम चल रहा था। संदिग्ध हालत में शराब में कोई कैमिकल मिलाकर तीनों ने पी लिया और हालत बिगड़ गई।

उझानी पुलिस के अनुसार फिलहाल एक मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। तीसरे को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

News Category