
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुषों को जाति धर्म के आधार पर बांटना गलत है। पिछली सरकारों ने ऐसा करने का प्रयास किया। उन्होंने औरैया के मेडिकल कॉलेज का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखने की घोषणा की। योगी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया और उनके नाम पर प्रदेश में महिला छात्रावास बनाए जा रहे हैं।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि महापुरुषों को जाति, मत या मजहब के आधार पर बांटा नहीं जा सकता है। पिछली सरकारों ने महापुरुषों को इन्हीं आधारों पर विभाजित करने का प्रयास किया था। विशेष रूप से सपा के शासनकाल में औरैया में माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर स्थापित डिग्री कॉलेज का नाम बदलने का प्रयास किया गया था। उन्होंने औरैया के मेडिकल कॉलेज का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री आवास में अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान के तहत आयोजित संगोष्ठी में मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां सदाचार और सद्बुद्धि है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा वर्ष 2014 से पहले की सरकारों में राम और कृष्ण को काल्पनिक बताया गया, रामसेतु को तोड़ने की कोशिश की गई और भ्रष्टाचार, अविश्वास, अराजकता व राजनीतिक षड्यंत्र का बोलबाला था। वहीं, मोदी सरकार ने 'नेशन फर्स्ट' का भाव पैदा किया, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत गर्व के साथ नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं। आपरेशन सिंदूर इसका जीवंत उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने औरंगजेब और बाबर के समय में तोड़े गए मंदिरों के पुनरोद्धार का जिक्र करते हुए कहा कि अहिल्याबाई ने मालवा राज से बाहर निकलकर पशुपतिनाथ, रामेश्वर, महाकाल, काशी विश्वनाथ, सोमनाथ और बंगाल तक के मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। बनारस की तरह माहिष्मति की साड़ियां और नर्मदा घाट की भव्यता आज भी उनके शासन की गवाही देती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सात श्रमजीवी महिला छात्रावास अहिल्याबाई के नाम पर बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अगले 10 दिनों तक यानी 31 मई तक जन-जन तक जाकर माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और योगदान के बारे में बताएं। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, कार्यक्रम के संयोजक संजय राय आदि उपस्थित थे।
- Log in to post comments
- 3 views