Skip to main content

बरेली अवधेश शर्मा

बरेली News: मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तब जाकर आरोपी पकड़ा जा सका

बरेली के बिशारतगंज क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में आई आठ साल की बच्ची से 47 साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। आरोपी रसगुल्ला खिलाने का लालच लेकर मासूम को ले गया था। शादी के पंडाल के पीछे उससे दरिंदगी की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एक ग्रामीण की बेटी की बरात बृहस्पतिवार की रात थाना फरीदपुर के गांव से आई थी। बरात में शामिल होने के लिए दुल्हन की चचेरी बहन बदायूं के बिनावर क्षेत्र से अपनी आठ साल की बेटी के साथ आई थी। बरात गांव में सरकारी स्कूल के पंडाल में रुकी थी। रात 11 बजे स्कूल के पास पंडाल में खाना चल रहा था। इसी दौरान बच्ची अपनी मां से चाऊमीन लेने के लिए कहकर पंडाल में गई। वहां से उसे आरोपी रसगुल्ला खिलाने के बहाने पंडाल के पीछे ले गया। वहां उससे दुष्कर्म किया।
दरिंदे से छूटकर खून से लथपथ हालत में बच्ची पंडाल में पहुंची और मां को घटना बताई। रात में ही उसे मझगवां सीएचसी ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर सीओ आंवला नितिन कुमार, थाना प्रभारी सतीश कुमार अन्य थानों की पुलिस के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने रातभर आरोपी की खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं लग सका। 

सफेद शर्ट पहने था आरोपी
जिला अस्पताल में शुक्रवार को ऑपरेशन के बाद होश में आने पर बच्ची ने महिला पुलिस को बताया कि आरोपी सफेद शर्ट पहने था। उसे रसगुल्ला खिलाने की बात कहकर बाहर ले गया था। वहां से खेत में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया गया। बालिका से जिस स्थान पर हैवानियत हुई, वहां दो रसगुल्ले भी पुलिस को पड़े मिले थे। 
150 लोगों से पूछताछ, तब पकड़ा गया आरोपी 
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि घटना की जांच में चार टीमें लगाई गई थीं। 150 लोगों से पूछताछ की गई। इसी क्रम में आरोपी नंद किशोर मौर्य का नाम सामने आया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बच्ची से दुष्कर्म करने की बात कबूल की है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। 
 

News Category