Skip to main content

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज जन्मदिन है। इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार को लेकर टिप्पणी की। तेजस्वी यादव ने कहा कि 15 साल पुरानी गाड़ी सड़क पर नहीं चल पाती है। इसलिए सरकार को भी बदल देना चाहिए। उनके इस बयान पर अब उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पलटवार किया है।

पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले पार्टियों के बीच जमकर वाक युद्द चल रहा है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया है। 

तेजस्वी यादव ने कहा था कि 15 साल पुरानी गाड़ी सड़क पर नहीं चल पाती है। इसलिए सरकार को भी बदल देना चाहिए। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी टिप्पणी का जवाब दिया है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव धैर्य रखें, अभी 15 साल और नीतीश कुमार काम करंगे और हम सब उनके नेतृत्व में बिहार को आगे ले जाने का काम करेंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार फिट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनके परिवार के दूसरे सदस्य लगातार मुख्यमंत्री को गाली दे रहे रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 20 साल में नीतीश सरकार के विकास का शानदार ग्राफ, राजस्व में 15 गुना वृद्धि, 14.5 फीसद की तेज विकास दर और प्रति व्यक्ति आय का 7 हजार बढ़ कर 66 हजार रुपये होना राजद को कबाड़ लग रहा है।

उन्होंने कहा कि जिन्होंने 15 साल में बिहार को जर्जर सड़क, अपहरण उद्योग, बिजली-रहित गांव, जातीय हिंसा और 100 से ज्यादा नरसंहार दिए, उनका परिवार आज विकास का चकाचौंध नहीं देख रहा है।

नीतीश कुमार के सफल नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से बिहार गरीबी,अशिक्षा, बेरोजगारी और अपराध के अंधेरे से निकल गया है।

तेजस्वी ने सरकार को बताया पुराना वाहन, सत्ता-परिवर्तन का किया आह्वान

स्वयं को नए जोश-सोच वाला बताते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर कटाक्ष किया है। शुक्रवार को बयान जारी कर तेजस्वी ने कहा कि बिहार में दो दशक पुरानी व्यवस्था को बदलने का समय आ गया है।

वैसे ही जैसे कि राज्य में प्रदूषण फैलाने वाले 15 वर्ष पुराने वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार अब व्यवस्थागत प्रदूषण फैलाने लगी है, लिहाजा इसे बदल देना चाहिए।

एक्स पर किया पोस्ट

तेजस्वी ने इस बयान को एक्स पर पोस्ट भी किया है। लिखा है कि 15 वर्ष पुरानी गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है, क्योंकि वह ज्यादा धुंआ फेंकती है। प्रदूषण बढ़ाती है और जनता के लिए हानिकारक है।

बिहार सरकार को भी उन्होंने कुछ ऐसा ही बताया है। साथ में दावा यह कि अब युवाओं ने नए सोच, नए विजन, नए जोश और नई दिशा वाली जुनूनी सरकार लाने की ठान ली है। वह नौकरी-रोजगार व विकास कार्यों के लिए समर्पित व विश्वसनीय सरकार होगी।

चुनाव और अगली सरकार का गठन नीतीश के नेतृत्व में होगा: चिराग

केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि इस साल होने वाले बिहार विधानसभा के चुनाव में एनडीए की जीत होगी। हम सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। अगली सरकार भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनेगी।

शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में चिराग ने कहा कि नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ने और उनके अगले मुख्यमंत्री होने पर कोई प्रश्न नहीं है। नीतीश के पुत्र निशांत के सक्रिय राजनीति में आने के प्रश्न पर चिराग ने कहा कि वे जरूर आएंगे। लेकिन, कब आएंगे, यह फैसला निशांत को करना है।

हम लोग उनका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए विधानसभा का अगला चुनाव एकजुट होकर लड़ेगा। लोकसभा और विधानसभा के उप चुनावों के परिणाम से स्पष्ट है कि हमारी जीत होगी। एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष जिलों में सम्मेलन कर रहे हैं। इसका सकारात्मक परिणाम आएगा।

 

चिराग ने कहा कि राजद का बुरा हाल होगा। कांग्रेस अब पहले की तरह राजद के सामने नतमस्तक नहीं होगी। चिराग ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को सलाह दी, कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की व्यक्तिगत आलोचना न करें। सरकार की नीतियों की आलोचना करें, इसमें कोई बुराई नहीं है।

News Category