Skip to main content

बिहार के मझौलिया में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। ससुराल वाले 50 हजार रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे। महिला के पिता ने आरोप लगाया है कि बेटी को जहर देकर मारा गया और फिर शव को जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने अधजला शव बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपित फरार हैं।

मझौलिया। बिहार के बेतिया जिले में रतनमाला पंचायत के शाहबाजवा गांव में शनिवार को ससुराल वालों ने दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये नकदी के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी।

रात में साक्ष्य मिटाने के लिए शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी बीच, पुलिस पहुंच गई और आरोपित चिता पर शव छोड़कर फरार हो गए।

मृतका की पहचान शाहबसजवा निवासी वीरेन्द्र महतो के पुत्र मुकेश महतो उर्फ राजेश महतो की पत्नी नेहा कुमारी (19 वर्ष) के रूप में हुई है।

डेढ़ माह पहले बच्ची को दिया था जन्म

उसने डेढ़ माह पूर्व एक बच्ची को जन्म दिया था। थानाध्यक्ष विश्वमोहन चौधरी ने बताया कि पुलिस ने चिता से अधजले शव को समेट कर फारेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

मामले में मृतक के पिता पूर्वी चंपारण के पालनवा थाना क्षेत्र के गाद सिरिसिया निवासी श्रीकांत महतो के आवेदन पर ससुराल वाले के सात लोगों पर दहेज के लिए हत्या कर शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने के आरोप में कांड दर्ज किया जा रहा है।

आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। मामले में मृतका के पिता श्रीकांत महतो ने बताया है कि नेहा कुमारी की शादी रत्नमाला पंचायत के शाहबाजवा निवासी वीरेन्द्र महतो के पुत्र मुकेश महतो उर्फ राजेश महतो से बीते 10 मार्च 2024 को हुई थी।

रक्षा बंधन पर अपने घर गई थी विवाहिता

  • उन्होंने आगे कहा कि कुछ दिनों तक तो परिवार में सबकुछ ठीक ठाक चला। जब मेरी बेटी गर्भवती हुई तो ससुराल वालों ने 50 हजार रुपये एवं बाइक की मांग की।
  • पिता ने बताया कि वह अपनी गरीबी की हालात के कारण पैसे देने में सक्षम नहीं थे। परंतु ज्यादा दबाव और उनकी बेटी को प्रताड़ित करने के कारण वह 50 हजार रुपये और बाइक देने को तैयार भी हो गए।
  • इस बीच, रक्षा बंधन के दिन उनकी बेटी घर आई। 11 दिसंबर 2024 को जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे रक्सौल डंकन में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां विवाहिता ने एक बच्ची को जन्म दिया।
  • इसके बाद विवाहिता अपने ससुराल चली गई। तभी से उसे ससुराल वाले रुपये एवं बाइक के लिए प्रताड़ित करने लगे।

शनिवार की सुबह मौत के बारे में मिली जानकारी

इधर शनिवार की सुबह विवाहिता की गोतनी मुन्नी देवी ने उसकी मां गीता देवी को फोन कर बताया कि आपकी बेटी ने जहर खा लिया है।

सूचना पर जब लोग वहां पहुंचे तो देखा कि वे लोग उसके शव को जला रहे थे। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख स्वजन जलती चिता को छोड़कर फरार हो गए।