
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार तेजस्वी यादव से अधिक योग्य होंगे। उन्होंने विपक्षी दलों विशेष रूप से राजद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और आत्मविश्लेषण की सलाह दी। बक्सर में लाइट एंड साउंड परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन बढ़ेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह शो श्रीराम के जीवन पर आधारित होगा।
बक्सर। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि जो लोग नीतीश कुमार को नकारा मुख्यमंत्री कहते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि यदि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं तो वे तेजस्वी यादव से कई गुना अधिक योग्य और बेहतर साबित होंगे।
उन्होंने विपक्षी दलों, विशेष रूप से राजद एवं तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो परिवारवादी पार्टियां आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगा रही हैं, वे स्वयं भ्रष्टाचार में डूबी हुई हैं। उनके खून और डीएनए में भ्रष्टाचार है, उन्हें दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्मविश्लेषण करना चाहिए।
लाइट एंड साउंड परिसर का किया निरीक्षण
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को बक्सर में श्रीराम के जीवन पर आधारित शो के लिए बनाए जा रहे लाइट एंड साउंड परिसर का निरीक्षण भी किया।
'पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा'
उन्होंने कहा कि बक्सर की जनता के लिए यह बहुत बड़ा उपहार होगा, अगले कुछ दिनों में यह संचालित किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को रोजगार भी मिलेगा। यहां प्रभु श्रीराम के बचपन के कार्यों और रावण के बीच युद्ध को लाइट और साउंड के माध्यम से दिखाया जाएगा।
तेजस्वी इतराएं नहीं, कोई अपराध बचने वाला नहीं : प्रभाकर
दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि आरा में हुए तनिष्क शोरूम लूटकांड में सम्मिलित दो अपराधी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। ज्वेलरी से भरे दो बैग और लूटी गई रायफल बरामद कर ली गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ज्यादा नहीं इतराएं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद मेंं कह चुके हैं कि सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेती है। कोई अपराधी बचेगा नहीं।
तेजस्वी यादव के ''एक्स'' हैंडल से किए गए पोस्ट को प्रभाकर ने अनुचित बताया है। कहा कि लूट और हत्या की घटनाओं से तेजस्वी के चेहरे पर खुशियों के भाव होते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि आखिर खुशी क्यों होती है!
तेजस्वी ने ऐसा क्या लिख दिया?
तेजस्वी ने एक्स पर लिखा, एनडीए के सौजन्य से 2005 के बाद मोदी जी के लाडले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के 𝟔-𝟕 लाडले गुंडों ने मीडिया प्रमाणित, 𝐑𝐒𝐒 सर्टिफाइड राम राज्य में दिन-दहाड़े एक छोटी सी लूट की शौकिया घटना को अंजाम देते हुए पुलिस अधीक्षक के आवास और थाने से चंद कदम की दूरी पर अवस्थित तनिष्क शोरूम से मस्ती के साथ 𝟏𝟕 मिनट में 𝟐𝟓 करोड़ के गहने-जेवरात लूट लिए।
प्रतिदिन बिहार में सैकड़ों राउंड गोलियां चलती है। सत्ता संरक्षित औसतन प्रतिमाह सैकड़ों हत्याएं होती है। लूटपाट, छिनतई, चोरी, अपहरण और बलात्कार का कोई लेखा-जोखा नहीं। बाकी मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। प्रशासनिक अराजकता चहुंओर फैल चुकी है। भ्रष्टाचारी और गुंडे सरकार चला रहे हैं। आप स्वयं तथा परिजनों का खयाल रखें।
- Log in to post comments