Skip to main content

बरेली: अज्ञात वाहन की टक्कर से रेस्टोरेंट कारीगर की मौत,घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

राष्ट्रीय ग्रामीण आवाज़ अवधेश शर्मा 

अज्ञात वाहन की टक्कर से रेस्टोरेंट कारीगर की मौत, घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक युवक की मौत हो गई। युवक देर रात काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

मृतक की पहचान थाना भमोरा क्षेत्र के गांव बढ़रई कुइयां निवासी 25 वर्षीय बृजपाल सागर पुत्र रामकिशोर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बृजपाल बरेली शहर के एक रेस्टोरेंट में कारीगर के रूप में काम करते थे और रोजाना की तरह मंगलवार रात काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि जब वह अखा मोड़ के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बृजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक बृजपाल अपने पीछे पत्नी तुलसी और एक छोटी बेटी को छोड़ गए हैं।

पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

News Category