रायबरेली समाचार
रायबरेली: जिले की जगतपुर पुलिस व एसओजी टीम ने चोरी करने वाले एक ऐसे गिरोह का फर्दाफाश किया, जिसके चोरी करने का तरीके जान आप चौंक जाएंगे. सामान्य तौर पर लोग गूगल का इस्तेमाल करते हैं अपनी जानकारी बढ़ाने के लिए या कहीं जाने के लिए. लेकिन, यह गैंग गूगल मैप्स के जरिए मंदिरों के घंटा चुराने का काम करती थी.
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह ने बताया कि मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के सात सदस्यों को पकड़ा गया है. इनमें एक महिला भी शामिल है. आरोपी मंदिर में लगे घंटे आसानी से चोरी कर बाजार में बेचते थे, पहले घरों में चोरी करते थे. पकड़े जाने के बाद मंदिरों में चोरी करने लगे.
एसपी ने बताया कि रविवार रात एक चार पहिया वाहन में कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखे. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी अपनी कार लेकर भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी की, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गूगल मैप के जरिए प्रसिद्ध मंदिरों की तलाश करते थे. मौका मिलते ही वे मंदिरों में लगे घंटे चोरी कर लेते. रविवार को भी सभी मंदिर में घंटे चोरी करने के इरादे से निकले थे. महिला को साथ में पुलिस से बचने के लिए रखते थे. चेकिंग के दौरान महिला के बीमार होने की बात कहकर बच निकलते थे.
पकड़े गए गैंग में शामिल गोविंद सिंह उर्फ आकाश निवासी बड़पुरा थाना फूफ जिला भिंड मध्य प्रदेश के बाएं पैर में गोली लगी है. वहीं अन्य अभियुक्तों में मीनू भदौरिया निवासी उदितपुरा थाना कोतवाली नगर जनपद भिंड मध्य प्रदेश, आबिद निवासी उर्दू मोहल्ला थाना कोतवाली जनपद इटावा, आनन्द कुमार गिरी निवासी गोसाई खेड़ा थाना सरेनी, बब्बू सिंह उर्फ शिववक्श सिंह निवासी मान्धातापुर नेवादा थाना ऊंचाहार को मौके से गिरफ्तार किया गया है.
अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके साथी सुनील कुमार पोरवाल औरैया व सुमन पत्नी नवल निवासी सूर्यानगर घाटमपुर थाना सूर्यानगर जनपद कानपुर देहात को थाना क्षेत्र के ऊंचाहार बरगदहा सड़क पर बने मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया है. गिरोह ने हाल ही में जगतपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर से घंटे चोरी किए थे. आरोपियों के पास से तीन क्विंटल से अधिक मंदिर के घंटे और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है. आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है.
इन लोगों ने उन्नाव जिले में भी मंदिरों से घंटे चोरी किए हैं. पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए. चोरी से ये चोर पहले मंदिर गूगल पर सर्च करते थे. फिर वहां मंदिर में दर्शन पूजन के बहाने रेकी कर रात में वारदात को अंजाम देते थे. ये उसी मंदिर को अपना निशाना बनाते थे, जहां पर घंटा टंगा होता था.
- Log in to post comments
- 3 views