उत्तर प्रदेश- अररिया समाचार
- अररिया पुलिस ने बड़े साइबर गिरोह का किया पर्दाफाश।
- फर्जी फिंगरप्रिंट से बैंक खातों से अवैध निकासी करते थे।
- पांच साइबर ठग गिरफ्तार, कई उपकरण बरामद किए गए।
अररिया: फर्जी फिंगर प्रिंट के जरिए यूपीआई से बैंक खातों से अवैध निकासी करने वाले साइबर गिरोह का अररिया पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में महलगांव थाना क्षेत्र से पांच साइबर फ्राड को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 14 मोबाइल फोन, दो फिंगर स्कैनिंग डिवाइस, एक लैपटाप, एक टैब, एक जियो वाई-फाई राउटर, चार बाइक और दो कार बरामद की हैं।
इस संबंध में एसपी अंजनी कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि महलगांव थाना क्षेत्र के किशनपुर वार्ड संख्या छह में विनोद मंडल के घर कुछ साइबर अपराधी आम लोगों के बैंक खातों से ठगी कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए साइबर डीएसपी रजिया सुल्तान के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
साइबर थाना और महलगांव थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद मंडल के घर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के पिछले कमरे में छह लोग लैपटाप, मोबाइल और फिंगर स्कैनिंग डिवाइस के साथ संदिग्ध अवस्था में पाए गए। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम विनोद मंडल, मो. सरताज, सोनू कुमार मंडल, मो. निसार (सभी अररिया जिला निवासी) तथा भास्कर कुमार (पूर्णिया निवासी) बताया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जियो वाई-फाई राउटर के माध्यम से इंटरनेट का उपयोग कर लोगों का डेटा प्राप्त करते थे और फिंगर स्कैनिंग डिवाइस की मदद से अवैध रूप से बैंक खातों से राशि की निकासी करते थे। गिरफ्तार साइबर फ्राड में अररिया के किशनपुर के विनोद मंडल, सोनू कुमार मंडल, पलासी के मो निसार, चिरह के मो सरताज और पूर्णिया जिले के अमौर के भास्कर कुमार शामिल हैं।
- Log in to post comments
- 2 views