पटना एयरपोर्ट पर 31 दिसंबर तक शुरू होंगे तीन नए एयरोब्रिज, यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
पटना एयरपोर्ट पर 31 दिसंबर तक तीन नए एयरोब्रिज शुरू होने वाले हैं। इससे यात्रियों को विमान तक पहुंचने में आसानी होगी, क्योंकि उन्हें बस का इंतजार नहीं ...और प
पटना। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुविधाओं में बड़े विस्तार की तैयारी पूरी कर ली गई है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार 31 दिसंबर तक तीन और एयरोब्रिज को चालू कर दिया जाएगा। वर्तमान में एयरपोर्ट पर दो एयरोब्रिज पहले से कार्यरत हैं, जबकि कुल पांच एयरोब्रिज स्थापित किए जाने की योजना है।
नए एयरोब्रिज शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की आपरेशनल क्षमता में बढ़ोतरी होगी और यात्रियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा।
इसी वर्ष 15 नवंबर को एयरपोर्ट का दूसरा एयरोब्रिज शुरू किया गया है। शेष तीन एयरोब्रिज का काम तेजी से चल रहा है। जिसमें दो एयरोब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। निर्माण एजेंसी और तकनीकी विशेषज्ञ लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।
पटना एयरपोर्ट डायरेक्टर चंद्र प्रताप द्विवेदी ने बताया कि इन एयरोब्रिज का कार्य अंतिम चरण में है। 31 दिसंबर तक इन्हें आपरेशनल करने का लक्ष्य रखा गया है। नए एयरोब्रिज जुड़ने के बाद विमानों की पार्किंग और यात्रियों के चढ़ने-उतरने की प्रक्रिया और सुचारु होगी।
अधिकारियों ने बताया कि पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या हर वर्ष बढ़ रही है। ऐसे में एयरोब्रिज जैसे आधुनिक सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी था। नए एयरोब्रिज चालू होने के बाद एयरपोर्ट का प्रबंधन और सुगम होगा और यात्रियों को बड़े शहरों के एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव मिलेगा। एयरपोर्ट विस्तार परियोजना पूरी होने के बाद पटना हवाई अड्डा क्षेत्रीय और राष्ट्रीय उड़ानों के लिए और अधिक सक्षम व आधुनिक बन जाएगा।
- Log in to post comments
- 6 views