सुल्तानपुर समाचार
भदैंया। शिवगढ़ के कंधईपुर गांव के पास मंगलवार रात बाइक सवार हरिहरपुर निवासी प्राइवेट कर्मी संतराम वर्मा (30) को पीछे से कार ने टक्कर मार दी।
दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संतराम ने हेलमेट नहीं पहना था। उनके सिर में गंभीर चोट लगी। दुर्घटना के बाद कार लेकर चालक भाग निकला। मेडिकल कॉलेज पहुंचे संतराम के परिजनों ने बताया कि वह गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे।
कुछ दिन पहले घर आए थे। मंगलवार देर शाम वे घर से बाइक से दुर्गापुर में एक रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए निकले थे।
तीन भाइयों में संतराम सबसे बड़े थे। वह अविवाहित थे। उनके पिता सोमनाथ वर्मा गांव में खेती करते हैं। संतराम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। शिवगढ़ थानाध्यक्ष चंद्रभान वर्मा ने बताया कि दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। क्षतिग्रस्त बाइक को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।
ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, बाइक सवार युवक जख्मी : सुल्तानपुर। हलियापुर के पूरे बेनी दीन का पुरवा मुकुंदपुर के पास बुधवार दोपहर एक बजे एक बेकाबू ट्रक ने आगे जा रहे पिकअप को टक्कर मार दी।
पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार हसुई मुकुंदपुर निवासी बद्री विशाल मिश्र (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमारगंज पिठला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर, अयोध्या रेफर कर दिया गया। हलियापुर थानाध्यक्ष तरुण पटेल ने बताया कि पिकअप खाई में गिर गई थी।
----------------------
बाइक से टकराकर घायल बुजुर्ग ने तोड़ा दम
गोसाईगंज। माधवपुर छतौना निवासी भारत यादव (70) सोमवार की शाम गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन - फानन में स्थानीय लोगाें ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उपनिरीक्षक हरीश कुमार सिंह चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत
विंदेश्वरीगंज। बल्दीराय के हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर भवानीगढ़ के पास मंगलवार देर शाम कार से टकराकर बाइक सवार शेष मणि मिश्र (35) और उनकी पत्नी वंदना मिश्रा (32) निवासी खरियौना, कुमारगंज, जिला अयोध्या घायल हो गए। घायलों को सीएचसी बल्दीराय पहुंचाया गया। शेषमणि मिश्र को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया था। वहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार की टक्कर से पत्नी की मौत, पति घायल
अखंडनगर। कलान निवासी लालबहादुर राजभर (50) बुधवार की दोपहर बाइक से अपनी पत्नी सुषमा देवी (47) के साथ आजमगढ़ जिले गए थे। वहां पर बाघभार के पास कार की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को निकट के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने सुषमा देवी को मृत घोषित कर दिया। जब सुषमा देवी के मौत की जानकारी घर पहुंची, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
- Log in to post comments
- 9 views