Skip to main content

पीलीभीत समाचार

पीलीभीत जिले में नेपाली हाथियों का आतंक थम नहीं रहा। माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव ढकिया तालुका महाराजपुर में शनिवार रात हाथी ने हमला कर ग्रामीण को मार डाला। घटना से गांव में दहशत फैल गई। 

पीलीभीत के थाना माधोटांडा क्षेत्र में शारदा पार के गांव ढकिया तालुका महाराजपुर में झोपड़ी में सो रहे 58 वर्षीय ग्रामीण पन्नू पर हाथी ने हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जुटे ग्रामीणों ने बमुश्किल हाथी को खदेड़ा। हाथी के हमले से पन्नू की मौत हो गई। यह हाथी नेपाल से भारतीय क्षेत्र में आया था। घटना की जानकारी मिलने पर माधोटांडा थाने की रामनगरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने जंगली हाथियों को नियंत्रित करने की मांग की है। कलीनगर तहसील क्षेत्र के शारदा पार के गांवों में नेपाल के हाथियों ने उत्पात मचा रखा है। नेपाली हाथी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ लोगों पर भी हमला कर रहे हैं। हाथियों का झुंड शनिवार की देर रात ढकिया तालुके महाराजपुर गांव पहुंच गया। झुंड से निकलकर एक हाथी ने झोपड़ी में सो रहे पन्नू पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। झोपड़ी को भी पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। ग्राम प्रधान विवेकानंद ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। घटना से इलाके में दहशत है। 

News Category