बरेली समाचार
बरेली बवाल के मामले में मौलाना तौकीर रजा समेत कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई हो रही है। वहीं मौलाना को पनाह देने वालों के घरों पर भी बुलडोजर चल सकता है। शहर में बवाल कराने की साजिश रचने के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर को अपने घर में पनाह देने वाले उसके करीबी फरहत का फाइक एन्क्लेव स्थित मकान अब बीडीए के निशाने पर है। सोमवार को बीडीए की टीम ने फरहत के घर का सर्वे कर उसका वीडियो बनाया। अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को ही फरहत के मकान की सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी थी, पर बीडीए की टीम को लोकेशन की जानकारी नहीं थी। इसलिए पहले बीडीए के अफसर मौके पर पहुंचे और कार के अंदर से ही मकान का वीडियो बनाकर लौट आए।
मौलाना की मदद कर फंसे पिता-पुत्र
फाइक एन्क्लेव से गिरफ्तार कर जेल भेजे गए बरातघर संचालक फरहत अहमद और उसके बेटे फरमान ने माहौल भड़काने में मौलाना तौकीर रजा का पूरा साथ दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ और जांच में पता लगा है कि कई लोगों को इन्होंने खुद कॉल करके बुलाया था। दोनों को दो दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था। उनको जेल भेजा जा चुका है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेसवार्ता में बताया कि जांच में दोनों की भूमिका संदिग्ध मिली है। फरहत आईएमसी का जिलाध्यक्ष भी रह चुका है। उसने व उसके बेटे ने न केवल पुलिस से बचकर भागे मौलाना तौकीर को अपने घर में छिपाया, बल्कि भड़काऊ बयान के वीडियो वायरल कराने में मौलाना की पूरी मदद की। कई लोगों को अनीस सकलैनी की लिखी गई अपील का पर्चा भेजने और कॉल करके बुलाने का भी काम किया। दोनों के खिलाफ संबंधित मुकदमे में कोई और आरोप साबित हुए तो धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
नगर निगम ने डॉ. नफीस की मार्केट को किया सील
तौकीर रजा के करीबी और शहर में हुए बवाल के आरोपी डॉ. नफीस की नावल्टी स्थित मार्केट को नगर निगम ने सोमवार को सील कर दिया। इसमें 74 दुकानें हैं। इसी मार्केट में आईएमसी का दफ्तर भी संचालित किया जा रहा था। उस पर भी नगर निगम ने ताला लगा दिया है। आरोप है कि नाले पर कब्जा कर यह मार्केट बनाई गई है। देर रात नफीस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि पहलवान साहब की मजार के पास की मार्केट की कई दुकानें नाले पर बनी हैं जो अवैध हैं। शनिवार शाम को ही नगर निगम की टीम ने मार्केट की पैमाइश कर ली थी। सोमवार को टीम मौके पर पहुंची और दुकानदारों को सामान निकालने के लिए कहा। जैसे-जैसे दुकानें खाली होती गईं, एक-एक कर उनको सील किया गया। फिर पूरी मार्केट पर बाहर से भी सील लगा दी।
मार्केट के दूसरे तल पर आईएमसी कार्यालय
मार्केट के दूसरे तल पर स्थित आईएमसी कार्यालय में बैठकर नफीस जिले में होने वाले संगठन के सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करता था। इस कार्यालय में मौलाना तौकीर का दो-तीन बार ही आना-जाना हुआ है। डॉ. नफीस ही संगठन की पूरी रणनीति को अंजाम देता था। नफीस का करीबी पार्षद अनीस सकलैनी मार्केट में पंचायत लगाकर बैठता था। पिछले दिनों नफीस ने आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर उतारने पर किला इंस्पेक्टर को हाथ काटने और वर्दी उतारने की धमकी दी थी।
- Log in to post comments
- 2 views