प्रयागराज पुलिस ने रात में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और बाइकर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 200 से अधिक लोगों को शराब पीते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने 130 बाइकों और पांच कारों का चालान किया साथ ही 23 बाइकों को सीज भी किया। इस दौरान हड़कंप मचा रहा।
प्रयागराज। पुलिस अगर अपने पर आ जाए तो अपराधियों व बेमतलब सड़कों पर विचरण करने वालों की खैर नहीं। ऐसा ही कुछ प्रयागराज की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी नजर आया। रात में वर्दीधारियों को देख सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वाले व बेवजह सड़कों पर बाइक दौड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
डीसीपी नगर के निर्देश पर पुलिस का अभियान
पुलिस ने शुक्रवार रात अचानक पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया। नवनियुक्त डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य के निर्देश पर पुलिस ने तीन सवारी बाइकर्स, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। बाइकर्स को पूछताछ और चालान करने के बाद छोड़ दिया गया, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 200 से अधिक लोगों को पकड़ा गया।
थाने लाकर लिखापढ़ी की गई
इस दौरान शराब पीने वालों में अफरातफरी मच गई। शराब की बोतल, भरी गिलास व नमकीन छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी नहीं तोड़ सके। सभी को थाने लाकर लिखापढ़ी की गई। साथ ही सख्त चेतावनी भी दी।
इन इलाकों में दिखी पुलिस सख्ती
सिविल लाइंस, खुल्दाबाद, शाहगंज, कोतवाली, जार्जटाउन, शिवकुटी, अतरसुइया, करेली, धूमनगंज, दारागंज, कीडगंज, मुट्ठीगंज, कैंट समेत अन्य थाने की पुलिस ने अचानक अभियान चलाया। सिविल लाइंस में इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव टीम के साथ एजी आफिस और पीडी टंडन रोड पर पहुंचे तो यहां सड़क किनारे शराब पी रहे लोग बोतल, गिलास छोड़कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने सभी को दौड़ाकर पकड़ लिया।
- Log in to post comments
- 8 views