मटिहानी के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने राजद में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता महागठबंधन को जिताना और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। बोगो सिंह ने जदयू पर उनका इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि वामपंथ उनकी पारिवारिक विरासत है। उन्होंने बेगूसराय की सभी सीटों पर महागठबंधन की जीत का दावा किया।
बेगूसराय। मटिहानी से तीन बार विधायक रहे नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने मंगलवार को अपने केशावे स्थित आवास पर प्रेस वार्ता कर राजद में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा, आज से राजद मेरा है और मैं राजद का हूं। जात-धर्म नहीं, केवल इंसानियत मेरी पहचान है। मटिहानी विधानसभा की समस्याओं का समाधान मैं बेटा बनकर करूंगा।
उन्होंने कहा कि अब उनकी प्राथमिकता महागठबंधन की जीत और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। मतगणना तक यही उनका मिशन रहेगा।
बेगूसराय की सभी सात विधानसभा सीटों पर महागठबंधन की जीत का दावा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से जी-जान से जुटने की अपील की।
क्यों छोड़ा एनडीए का साथ?
एनडीए छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जदयू ने उनका इस्तेमाल किया। जनता ने उन्हें दो बार पैक्स अध्यक्ष, एक बार जिला परिषद सदस्य और चार बार विधायक बनाया, लेकिन पार्टी ने सम्मान नहीं दिया।
कम्युनिस्टों के समर्थन पर उन्होंने कहा कि वामपंथ उनके परिवार की विरासत रही है, परंतु सम्मान जनता ने दिया। मटिहानी से राजद प्रत्याशी बनने के सवाल पर बोगो सिंह ने कहा कि यह फैसला तेजस्वी यादव और पार्टी हाईकमान पर निर्भर करेगा।
पीएम के कार्यक्रम को लेकर जदयू की विधानसभा स्तरीय बैठक
दूसरी ओर, प्रखंड की रानी-एक पंचायत के बैंक बाजार स्थित जदयू कार्यालय में मंगलवार को बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंडों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष विवेक कुमार ने की, जबकि पर्यवेक्षण जिला संगठन प्रभारी शिवनंदन सिंह एवं विधानसभा प्रभारी सह प्रदेश सचिव धीरेंद्र कुमार सिंह ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि आगामी 22 अगस्त को सिमरिया गंगा नदी पर बने नवनिर्मित सिक्सलेन पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। इस अवसर पर बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने इसे ऐतिहासिक दिन करार दिया। मंसूरचक प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि उसी दिन अगापुर में एनडीए का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और 2025 में नीतीश कुमार को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। बैठक को भगवानपुर प्रखंड अध्यक्ष पिंकी देवी, उपाध्यक्ष श्रीराम राय, पंसस सिकंदर कुमार ने भी संबोधित किया।
- Log in to post comments
- 2 views