Skip to main content

'मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के स्वतंत्रता पर दिए बयान से राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। विजयवर्गीय ने कहा कि भगत सिंह ने जिस आजादी के लिए फांसी ली वह हमें नहीं मिली बल्कि कटी-फटी आजादी मिली है। उन्होंने विभाजन का हवाला देते हुए इस्लामाबाद पर तिरंगा फहराने की बात कही।

मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय द्वारा देश की स्वतंत्रता को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है।

दरअसल, विजयवर्गीय ने कहा कि जिस आजादी के लिए सरदार भगत सिंह ने फांसी का फंदा पहना था, वह आजादी हमें नहीं मिली। हमें कटी-फटी आजादी मिली है। विभाजन का हवाला देते हुए कहा कि भारत माता के दो टुकड़े हुए हैं, लेकिन एक दिन ऐसा आएगा कि हम इस्लामाबाद पर तिरंगा झंडा फहराएंगे। हम अखंड भारत की कल्पना करते हैं।

कब दिया बयान

यह बयान मंत्री विजयवर्गीय ने गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इंदौर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिया। इस पर कांग्रेस आक्रामक हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने कहा कि भाजपा नेता स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। भाजपा को जवाब देना चाहिए कि क्या यही उनका राष्ट्रवाद है।

कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़े संगठनों ने पहले अंग्रेजों की मुखबिरी की और अब वे आजादी का अपमान कर रहे हैं।

News Category