श्रीनगर में अमरनाथ यात्रा 2025 से पहले सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर है। सेना ने आतंकियों को ढेर करने के लिए ऑपरेशन महादेव शुरू किया है। तीन आतंकियों के छिपने की सूचना थी अब ऐसी जानकारी मिल रही है कि सेना ने तीनों को मार गिराया है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और गहन तलाशी अभियान जारी है।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आज संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद श्रीनगर के हरवान इलाके के लिडवास क्षेत्र में 'ऑपरेशन महादेव' चलाया। इसके तहत सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है।
सूत्रों के मुताबिक, ये आतंकी प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) संगठन से जुड़े हुए थे, साथ ही ऐसी भी सूचना मिल रही है कि पहलगाम हमले में शामिल जिन तीन आतंकियों का स्कैच जारी किया गया था, शायद ये वही हैं। हालांकि दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है। साथ ही सेना ने भी अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है।
सेना से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को श्रीनगर के हरवान के लिडवास इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई थी।
भारतीय सेना की चिनार कोर द्वारा एक्स हैंडल पर भी पोस्ट डाला गया था कि लिडवास इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है और तीन आतंकियों को सेना ने ढेर कर दिया है।
इस पूरे अभियान की ड्रोन से निगरानी भी की जा रही थी। सूचना है कि जैसे ही सेना के जवान संदिग्ध स्थान के पास पहुंचे, तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। कार्रवाई में तीन आतंकी ढेर हुए हैं।
ड्रोन के माध्यम से तीन शव देखे जाने की भी पुष्टि की गई है। हालांकि, दैनिक जागरण के संवाददाता द्वारा भी मारे गए आतंकियों की तस्वीरें साझा की गई हैं। ऑपरेशन फिलहाल अभी जारी है, क्योंकि और भी कुछ आतंकियों के छिपे होने की संभावना है।
आतंकी हाशिम मूसा के मारे जाने की सूचना
सूत्रों के मुताबिक, इस ऑपरेशन में पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमांइड हाशिम मूसा के भी ढेर होने की बात सामने आ रही है। इसके अलावा स्कैच में दिख रहे दो और आतंकी सुलेमान और यासिर के भी मारे जाने की जानकारी मिल रही है।
- Log in to post comments
- 4 views