Skip to main content

शाहजहांपुर में एक उच्चाधिकारी के बेटे का मोबाइल ट्रेन से उतरते समय गिर गया। रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया और रेलवे पुलिस (जीआरपी) और आरपीएफ ने तुरंत खोजबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक महिला और पुरुष को पकड़ा गया जिनके पास से मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शाहजहांपुर। किसी सामान्य व्यक्ति का मोबाइल या सामान चोरी होने पर प्राथमिकी दर्ज कराना मुश्किल हो जाता है, लेकिन विभाग के एक उच्चाधिकारी के बेटे का मोबाइल गिर गया तो रेलवे के स्थानीय अधिकारी, जीआरपी और आरपीएफ तीन घंटे तक उसे ढूंढने में जुटे रहे। एक महिला के पास से बरामद करने के बाद चैन की सांस ली। महिला व पुरुष को देर शाम तक थाने में बैठाए रखा।

शनिवार को सुबह सात बजे अमृतसर-तिनसुखिया एक्सप्रेस के यहां रुकने पर एक युवक ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म स्थित स्टाल पर से पानी की बोतल खरीदी और वापस अपने कोच में चढ़ गया। इसी दौरान उसका मोबाइल और रुपये प्लेटफार्म पर ही गिर गए।

कोच के अंदर पहुंचने पर मोबाइल गायब होने की जानकारी हुई तो युवक तुरंत ट्रेन से उतरकर स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर के पास पहुंच गया। अपना परिचय विभाग के एक उच्चाधिकारी के बेटे के रूप में देते हुए मोबाइल गायब होने की सूचना दी।

एसएस ने सीएमआइ एसके ठाकुर के साथ ही जीआरपी व आरपीएफ को अवगत कराया। इसके बाद मोबाइल को ढूंढने के लिए सीसीटीवी खंगालने के साथ ही अन्य जतन शुरू हो गए। सीसीटीवी में एक महिला प्लेटफार्म से मोबाइल और एक व्यक्ति रुपये उठाते दिखाई दिए। दोनों को जीआरपी ने धर दबोचा और मोबाइल व रुपये बरामद करा दिए।