खीरों के सेमरी में उन्नाव-लालगंज रोड पर एक तेजाब भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में दो व्यक्ति टैंकर के नीचे दब गए जबकि तीन किशोर टैंकर की चपेट में आने से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस दो हाइड्रा की मदद से टैंकर उठाने का प्रयास कर रही है।
रायबरेली। खीरों के सेमरी में उन्नाव-लालगंज रोड पर एक तेजाब भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में दो व्यक्ति टैंकर के नीचे दब गए, जबकि तीन किशोर टैंकर की चपेट में आने से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस दो हाइड्रा की मदद से टैंकर उठाने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि टैंकर के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं, टैंकर की चपेट में आए तीन किशोरों में एक किशोर का आधा शरीर तेजाब से बुरी तरह जल गया, उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य किशाेराें का सीएचसी में उपचार किया जा रहा है
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे तेजाब भरा एक टैंकर कानपुर की ओर से रायबरेली की ओर आ रहा था।बताया जा रहा कि खीरों के सेमरी चौराहा से सौ मीटर पहले एक तेज रफ्तार रोडवेज बस के ओवरटेक करते समय टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।घटना में सेमरी निवासी जगदीश कुरील व एक अन्य टैंकर के नीचे दब गए, जबकि कोचिंग पढ़ने जा रहे बैरिसाल खेड़ा निवासी संदीप,ओमजी व प्रियांशू टैंकर की चपेट में आ गए।
घटना में टैंकर के नीचे दबने से जगदीश का आधा धड़ अलग हो गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस टैंकर के नीचे दबे बाइक सवार दूसरे व्यक्ति को निकालने का प्रयास कर रही है। वहीं, टैंकर पलटने ओमजी के शरीर का निचला आधा हिस्सा तेजाब की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया, वहीं संदीप और प्रियांशूू भी घायल हो गए।
घायलों की चीख-पुकार व टैंकर पलटने की तेज आवाज सुन अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन ओमजी, संदीप व प्रियांशू को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने के चलते ओमजी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि संदीप व प्रियांशू का सीएचसी में उपचार किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष खीरों संतोष कुमार सिंह का कहना है कि दो हाइड्रा मशीनों की मदद से टैंकर को उठवाने का प्रयास किया जा रहा है। एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
- Log in to post comments
- 4 views