Skip to main content

अमेरिका में भारतीय नागरिक गुरजीत सिंह मल्ही की गिरफ्तारी हुई है। इस मामले के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी और कांग्रेस ने आप नेताओं के साथ मल्ही की तस्वीरें साझा कर आप को घेरा है। कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा ने सीएम भगवंत मान से सफाई मांगी है।

अमेरिका में भारतीय नागरिक गुरजीत सिंह मल्ही को बच्चों के साथ अश्लीलता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) सिएटल ने 11 जुलाई को मल्ही की गिरफ्तारी की जानकारी दी। इन सबके बीच पंजाब में इस मामले को लेकर राजनीति होने लगी है और आम आदमी पार्टी को घेरा गया है।

बीजेपी और कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर गुरजीत सिंह मल्ही की कई तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वो आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ नजर आ रहा है। इसके अलावा, रियल एस्टेट एजेंट मल्ही की अन्य नेताओं के साथ भी कई तस्वीरें हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं।

आईसीई ने दी मल्ही की गिरफ्तारी की जानकारी

आईसीई ने उसकी गिरफ्तारी को लेकर एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा था, "भारत के नागरिक, गुजरीत सिंह मल्ही को डब्ल्यूए (वॉशिंगटन) में एक संयुक्त संघीय कानून प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया। मल्ही पर स्थानीय अधिकारियों ने सीएसएएम, बच्चों के साथ अश्लीलता का आरोप लगाया है।"

कांग्रेस ने क्या लगाया आरोप?

कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा ने फेसबुक पर एक सवाल पोस्ट करते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान से सफाई मांगी और कहा, "एनआरआई गुरजीत मल्ही जैसे शर्मनाक अपराधी से उनके परिवार का क्या संबंध है?" उन्होंने आगे कहा, "आम आदमी पार्टी के दूसरे नेता जैसे- कुलतार संधवान, वित्त मंत्री हरपाल चीमा आदि को बताना चाहिए कि इन नेताओं का ऐसे घृणित अपराधियों के साथ क्या संबंध है?"

News Category