Skip to main content

आगरा में पत्नी और ससुराल वालों के उत्पीड़न से परेशान होकर एक हलवाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाया जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है और उसके ससुराल वाले उसे झूठे आरोपों में फंसाना चाहते थे।

आगरा। टीसीएस मैनेजर मानव शर्मा की तरह ही ससुरालियों और पत्नी के उत्पीड़न से परेशान होकर गुरुवार रात हलवाई ने फांसी लगाकर जान दे दी। फंसे से फंदा कसने के बाद उसने रोते हुए वीडियो बनाया। इसमें आत्महत्या के लिए ससुरालियों और पत्नी को जिम्मेदार ठहराया। 

कहा, पत्नी और ससुर वाले झूठे आरोपों में उसे जेल भेजना चाहते हैं। मृत्यु के बाद ससुरालियों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद अंतिम संस्कार की बात भी युवक ने कही। 1.26 मिनट के वीडियो के बाद उसने आत्महत्या कर ली। युवक की शादी सात महीने पहले ही हुई थी।

टेड़ी बगिया पवन विहार के रहने वाले गौरव पेशे से हलवाई का काम करते थे l 16 नवंबर 2024 को उनकी शादी सादाबाद हाथरस में रहने वालीं निशा के साथ हुई थी। गुरुवार रात गौरव ने घर में फंसे से लटककर आत्महत्या कर ली।

युवक का फोन नहीं उठने पर पवन विहार में रहने वाले जीजा दिनेश घर पहुंचे तो फंदे पर गौरव का शव लटका हुआ देखा। शव के पास से मिले मोबाइल से 1.26 मिनट का वीडियो मिला। 

इसमें युवक ने आत्महत्या के लिए पत्नी के साथ ही सास, ससुर, तहेरे ससुर, उनकी बेटी, दामाद को जिम्मेदार ठहराया। वीडियो में युवक ने कहा है कि पत्नी व ससुराल वालों से पीड़ित होकर वह आत्महत्या कर रहा है। 

मरने के बाद उसकी संपत्ति से उसका कर्जा उतारकर शेष संपत्ति बहनों को दे दी जाए। पत्नी को कुछ न दिया जाए। पत्नी का दूसरे व्यक्ति से संबंध हैं। वह व ससुराल वाले झूठे आरोपों में जेल भेजना चाहते हैं। ससुरालियों के आरोपों की जांच के बाद उसका वो किया जाए।

युवक की मौत की खबर मिलने पर एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय, ट्रांस यमुना थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पवन विहार में रहने वाले मृतक के जीजा दिनेश ने बताया कि शादी के बाद से ससुरालियों ने युवक का उत्पीड़न शुरू कर दिया था। लगातार उसे फर्जी मुकदमों के फंसाने की धमकी दी जा रही थी। 

दो दिन पहले ही ससुरालियों ने हाथरस के सादाबाद थाने में तहरीर भी दी थी। पत्नी लगातार आत्महत्या की धमकी देकर जेल भिजवाने की बात कह रही थी। 

इस संबंध में गौरव की ओर से ट्रांस यमुना थाने में 21 मई को शिकायतीपत्र भी दिया था। इसी प्रार्थना पत्र को पुलिस कमिश्नर को भी भेजा था। जिस पर पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। 

एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया मौके पर मिले साक्ष्य और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

दारोगा का फोन आने पर घबरा गया था युवक

मृतक के जीजा दिनेश ने बताया कि गृहकलह की वजह से गौरव पत्नी निशा को मंगलवार को मायके छोड़ आया था और खुद काम करने के लिए दिल्ली के लिए निकल गया था। 

इस बीच सादाबाद में ससुरालियों की ओर से की गई शिकायत के आधार पर दारोगा का फोन आया। इससे वह घबरा गया और डर की वजह से थाने नहीं गया और गुरुवार रात घर वापस लौट आया। सुबह जब फोन नहीं उठा तो घर आए तो युवक को फंदे पर लटका पाया