Skip to main content

एक महिला रामा देवी जिसे मृत मानकर परिवार ने दाह संस्कार और श्राद्धकर्म कर दिया था, लगभग एक महीने बाद अचानक अपने घर लौट आई। उसे जीवित देखकर सभी चकित रह गए। बाद में पता चला कि वह अर्द्ध विक्षिप्त है और बिना बताए अपने मायके कोलकाता चली गई थी। यह घटना सारण जिले के रिविलगंज की है।

रिविलगंज। जिस महिला को मृत समझकर स्वजन द्वारा दाह संस्कार कर श्राद्धकर्म कर दिया गया था, वह महिला रविवार को अचानक अपने घर पहुंच गई। महिला को जीवित देखकर सभी चकित रह गये।

घर में जहां मातम छाया था वहीं, अब खुशहाली लौट आयी है। लगभग एक माह बाद महिला अपने घर लौटी है। जानकारी के अनुसार मोहब्बत परसा पंचायत के भादपा नया बस्ती निवासी राम स्वरूप राय की पत्नी रामा देवी (45) वर्ष गत 17 मई को घर से अचानक गायब हो गयी थी। घर-परिवार के लोगों द्वारा काफी खोजबीन की गई।

खोजबीन के दरम्यान 26 मई को सरयू नदी स्थित थाना घाट से पूरब एक महिला का शव होने की सूचना पर पहुंचे स्वजन उक्त शव का आकार प्रकार गायब हुई महिला से मिलता जुलता पाया। उसके बाद स्वजनों द्वारा स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई।

स्वजनों द्वारा संभावना व्यक्त करते हुए कहा गया कि वही महिला है। मौके पर पहुंची रिविलगंज थाना पुलिस ने महिला की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया। स्वजन द्वारा उक्त शव का दाह-संस्कार करने के बाद 11 जून को श्राद्ध कर्म भी कर दिया गया।

इस कहानी में नया मोड़ तब आ गया, जब 22 जून की सुबह महिला स्वत: अपने घर भादपा नया बस्ती पहुंची। महिला को जीवित देख घर-परिवार के लोग दंग रह गए। महिला के जीवित होने और घर आगमन की खबर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

सभी लोग यह जानने के लिए व्याकुल हो रहे थे कि यह कैसे सम्भव गया। जो महिला दुनिया की नजर में मर गई वो जिंदा कैसे हैं। आसपास लोगों से पूछने पर मालूम हुआ कि उक्त महिला अर्द्ध विक्षिप्त है। घर-परिवार में बिना बताये अपने मायके कोलकाता चली गयी थी। लगभग एक माह बाद अपने से वापस लौट आयी।