जम्मू के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। जम्मू स्मार्ट सिटी की ई-बसों में अब मोबाइल से टिकट का भुगतान करने पर पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शुक्रवार से ही इस छूट को लागू कर दिया है। बसों में ऑनलाइन टिकट लेने पर यात्री को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी।
जम्मू। जम्मू स्मार्ट सिटी की ई-बसों में अब मोबाइल से टिकट का भुगतान करने पर पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शुक्रवार से ही इस छूट को लागू कर दिया है।
अलबत्ता, नकद भुगतान करने पर कोई छूट नहीं मिलेगी। यात्री को कंडक्टर के पास पड़ी मशीन पर क्यूआर कोड को स्कैन कर भुगतान करना होगा और आटोमेटिक तरीके से उसे इस छूट का लाभ मिल जाएगा। इसके अलावा पाज मशीन और चलो ऐप से भी भुगतान करके लोग इस छूट का लाभ ले सकते हैं।
इससे पहले स्मार्ट सिटी की ई-बसों में महिलाओं के लिए यात्रा को निश्शुल्क किया गया था। अब किसी भी महिला से कोई किराया नहीं लिया जाता। जम्मू संभाग में जम्मू स्मार्ट सिटी की 95 बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं, जबकि पांच बसों को आरक्षित रखा जाता है, ताकि जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जा सके।
ई-बसों में पहले कार्ड के माध्यम से भुगतान करने पर यह छूट लागू थी, लेकिन अधिकतर लोग कार्ड का इस्तेमाल नहीं करते थे। अब यूपीआइ, मोबाइल फोन से लोग भुगतान करेंगे तो उन्हें पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस व्यवस्था को 20 जून से लागू कर दिया गया है। इससे यात्रियों को सुविधा होगी। व्यवस्था में भी पारदर्शिता आएगी।
-कमल समंत, सिटी लीड
रोजाना करीब 25 हजार इन ई-बसों में सफर कर रहे हैं। यात्री चलो ऐप डाउनलोड करके ई-बसों में अपना सफर आरामदायक बना रहे हैं। इस ऐप के माध्यम से बस के आने का समय भी पता चलता है, क्योंकि इनमें लाइव ट्रैकिंग सिस्टम रहता है।
इन ई-बसों को 25 जनवरी 2024 को जम्मू में शुरू किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसका उद्घाटन किया था। फिलहाल, जम्मू संभाग के मुख्य कस्बों और प्रमुख रूटों पर इन बसों को चलाया जा रहा है। आने वाले समय में 100 और ई-बसें चलाने का प्रस्ताव है।
खबरें और भी
- Log in to post comments
- 2 views