Skip to main content

बरेली समाचार

अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली की अध्यक्षता में दिनांक 18.06.2025 को समय 21.00 बजे से पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों और अपर पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्यौहारों (मोहर्रम और श्रावण मास) तथा आगामी चुनावों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये

•कानून-व्यवस्था की समीक्षा और सुदृढ़ीकरण
       • जनपद में वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति के सम्बन्ध में विश्लेषण किया गया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान करें और वहां नियमित गश्त सुनिश्चित करें। 
       • मोहर्रम और श्रावण मास के दौरान धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

• मोहर्रम और श्रावण मास के लिए सुरक्षा व्यवस्था
       • मोहर्रम के जुलूसों और ताजिया स्थलों/रूटों का भौतिक निरीक्षण करने, पर्याप्त पुलिस बल डियूटी लगाने आदि सम्बन्धी निर्देश।
       • संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करने सम्बन्धी निर्देश। 
       • श्रावण मास में शिव मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। 
       • श्रावण मास के दृष्टिगत गांव-गांव जाकर जाने वाले जत्थेदारों के सम्बन्ध में जानकारी कर उनके रूटों के बारे में जानकारी आदि, नाथ नगरी की परिक्रमा की तैयारी, डीजे संचालकों की सूची तैयार करने सम्बन्धी निर्देश।
       • धर्मगुरूओं के साथ समन्वय स्थापित कर सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करने सम्बन्धी निर्देश।
       • समस्त क्षेत्राधिकारी, अपने-अपने क्षेत्र के उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर श्रावण मास/मोहर्रम के दृष्टिगत भ्रमणशील रहने सम्बन्धी निर्देश।

• आगामी चुनावों की तैयारी
       • आगामी चुनावों के दृष्टिगत संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान और उनकी सुरक्षा के लिए रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए। 
       • असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर निगरानी रखने आदि सम्बन्धी निर्देश दिये गये।

अपराध नियंत्रण और जांच की प्रगति
       • जनपद में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें। 
       • गंभीर अपराधों जैसे हत्या, डकैती, और महिला अपराधों की जांच में तेजी लाने और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही करने सम्बन्धी निर्देश।
       • माननीय न्यायालय में लम्बित मुकदमों की पैरवी कराते हुए गवाहों को समय से न्यायालय में पेश करने आदि सम्बन्धी निर्देश।
       • अपराधियों का चिन्हीकरण करते हुए उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्यवाही, गैंगस्टर आदि की कार्यवाही करने सम्बन्धी निर्देश।
       • माह मई 2025 में IGRS (जनशिकायत निस्तारण प्रणाली) पर थाना स्तर की रैंकिंग की समीक्षा कर समय से शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने सम्बन्धी निर्देश।

•सामुदायिक पुलिसिंग और जनसंपर्क
       • जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए थाना स्तर पर नियमित जन सुनवाई और शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। 
       • सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहों और भ्रामक खबरों पर निगरानी रखने और त्वरित कार्रवाई करने सम्बन्धी निर्देश दिये गये।

गोष्ठी में श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ करें, ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहें। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, गिरफ्तारी में तेजी, पीड़ित केंद्रित कार्यप्रणाली अपनाने तथा गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु थाना प्रभारियों के उत्तरदायित्व सम्बन्धी दृष्टिकोण के साथ कार्य करने हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये।
      गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहें।