
रामनगर में अब दुनिया का सबसे महंगा आम मियाजाकी उगाया जा रहा है। किसान विजय गिरी ने जैविक तरीके से इसकी खेती शुरू की है। यह आम पोषक तत्वों से भरपूर है और बाजार में इसकी कीमत लाखों में है। कृषि विज्ञानी इसे स्थानीय स्तर पर उगाने के प्रयास की सराहना कर रहे हैं। यह आम एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन से भरपूर है।
रामनगर। आम को फलों का राजा कहा जाता है। यह अमीर गरीब सबके लिए सुलभ है। इसकी कीमत भी जेब पर असर नहीं डालती है। यही कारण है कि इसे काफी पसंद किया जाता है। यह पौष्टिकता से भरपूर होता है।
आज बाजार में स्थानीय के साथ बाहर से आने वाले अलफांसो, केसर, दशहरी, जर्दालु, हिमसागर, चौसा, बादामी, सफेदा, लंगड़ा, तोतापुरी आदि के साथ कई आम के वैरायटी मौजूद है।
परंतु, यह बात हमारे जेहन में बराबर उठती है कि आखिर कौन सी आम दुनिया में सबसे महंगी है। तो, हम आपको बता देते हैं दुनिया की सबसे महंगी आम जापान की मियाजाकी है। यह जापानी प्रजाति का आम है। यह दुनिया में सबसे महंगा आम माना जाता है
इसकी कीमत डेढ़ लाख से लेकर 2 लाख 70 हजार रुपये प्रति किलो है। पर, यह आम अब स्थानीय स्तर पर भी उपलब्ध होगा। इसे जैविक तरीके से बढ़ावा देने का कार्य प्रखंड के हरपुर गांव निवासी किसान विजय गिरी कर रहे हैं।
यह आम पोषक तत्वों से भरपूर और काफी स्वादिष्ट भी है। किसान प्रति पौधा पांच हजार रुपये बंगाल से खरीद कर लाए थे। परंतु, वातावरण परिर्वतन के कारण अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। किसी तरह कृषि विज्ञानी के परामर्श और देखरेख में इस साल काफी अच्छे फल लगे हैं
किसान विजय गिरी बताते हैं कि तीन साल पहले इसे लगाया था। पिछले साल दो-तीन फल ही लगे थे पर, इस साल आम की अच्छी फसल हुई है। इसका उत्पादन जैविक तरीके से किया गया है। भविष्य में इसके और पौधे लगाकर बढ़ाया जाएगा। जिसे देखने के लिए अगल-बगल के किसान पहुंच रहे हैं।
पोषक तत्वों से है भरपूर
मियाजाकी आम को एग ऑफ द सन मतलब सूरज का अंडा भी कहा जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, फोलिक एसिड और बीटा कैरोटीन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। जो शरीर के लिए काफी फायदेमंद है। इसके अलावा विटामिन ए, सी और ई के साथ पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिजों का यह एक समृद्ध स्रोत भी है।
यह रेशेदार नहीं होता है। इसका गुदा नाजुक होता है। इसकी खास खुशबू, बेहतरीन स्वाद और चमकीले रंग के कारण यह दुनिया भर में मशहूर है।
किसान ने परामर्श के अनुसार आम की देखभाल की है। आज यह पेड़ अच्छा फल दे रहा है। इसमें आगे भी वृद्धि होगी। यह पौष्टिक और काफी महंगा प्रजाति का आम है। यह सराहनीय है कि अब स्थानीय लोग भी इसके स्वाद को चख सकेंगे। - डॉ. आरपी सिंह, कृषि विज्ञानी, कृषि विज्ञान केंद्र नरकटियागंज
- Log in to post comments
- 2 views