Skip to main content

इंदौर क्राइम ब्रांच और शिलांग पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपी विशाल सिंह चौहान के घर की तलाशी ली। पुलिस को वारदात के दिन पहने गए कपड़े मिले हैं। आरोपी आनंद कुर्मी के मकान मालिक को यकीन नहीं हो रहा कि वह ऐसा कर सकता है। पुलिस चारों आरोपियों को शिलांग ले जाएगी। मेघालय पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को पटना से गिरफ्तार किया था।

इंदौर। शिलांग पुलिस ने इंदौर क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर मंगलवार को राजा रघुवंशी हत्याकांड के चार आरोपियों में से एक के घर की तलाशी ली। तलाशी इंदौर में आरोपी विशाल सिंह चौहान के घर पर की गई।

एसीपी (इंदौर क्राइम ब्रांच) पूनमचंद यादव ने बताया, "हमें वो कपड़े मिले हैं, जो विशाल ने शिलांग में उस दिन पहने थे, जब वारदात हुई। उन्होंने कबूल किया है कि उन्होंने हत्या की। हम उनका मोबाइल तलाश रहे हैं।"

आनंद कुर्मी के मकान मालिक को नहीं हो रहा यकीन

आरोपी आनंद कुर्मी के मकान मालिक ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात की और कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि आनंद ऐसा काम कर सकता है। मकान मालकिन विमला पटेल ने कहा, "आनंद कुर्मी पिछले 4-5 साल से यहां रह रहा था। वो मजदूरी करता था। वो ऐसा इंसान नहीं लगता था, जो इस तरह का काम करे। वो बीना का रहने वाला है। पुलिस कल यहां आई थी। उसे गए हुए 20-25 दिन हो गए हैं। उसने कहा था कि वो घूमने करने जा रहा है।"

इससे पहले आज, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने राजा रघुवंशी हत्याकांड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान, राज सिंह कुशवाहा और आनंद शामिल हैं।

चारों आरोपी शिलांग ले जाए जाएंगे

डीसीपी दंडोतिया ने एएनआई को बताया, "सभी चार आरोपी इस वक्त इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में हैं। शिलांग पुलिस ने उनसे पूछताछ की। तीन आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड कल लिया गया था। आज चौथा आरोपी भी पकड़ा गया है। शिलांग पुलिस आज ट्रांजिट रिमांड के बाद चारों को अपने साथ ले जाएगी।"

News Category