
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में बढ़ते अपराधों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजाना 45 से ज्यादा लोग लापता हो रहे हैं हत्या और बलात्कार की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। हुड्डा ने सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और पुलिस से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध में सबसे आगे है।
चंडीगढ़। रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में सरकार चल नहीं रही, बल्कि सोई हुई है। केंद्र सरकार की सोशल प्रोग्रेस इंडेक्स (एसपीआई) रिपोर्ट में हरियाणा देश के सबसे असुरक्षित राज्यों में शामिल है। प्रदेश में अपराध बड़ी तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं और अपराधी बेखौफ हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का ध्यान अपराध रोकने पर नहीं है और पुलिस पर सरकार का कोई अंकुश नहीं रह गया, जिस कारण अपराधी निरंकुश हो चुके हैं। तीन दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अपराधों पर चिंता जताई थी।
नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा से रोजाना 45 से ज्यादा लोग लापता हो रहे हैं। यह आंकड़ा बहुत चिंताजनक है। सिर्फ इस साल जनवरी से मार्च तक प्रदेश से 4100 लोग लापता हुए हैं और 1000 से ज्यादा लोगों का अपहरण हुआ है।
साथ ही हत्या और गैर इरादतन हत्या की घटनाओं में पिछले वर्षों की तुलना में चौंकाने वाली वृद्धि देखी गई है। यह आंकड़े प्रदेश की बीजेपी सरकार के तहत आने वाले सार्वजनिक सुरक्षा तंत्र के विफल होने की गंभीर स्थिति का स्पष्ट प्रमाण हैं।
पुलिस से मांगी रिपोर्ट
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि ये केवल वे मामले हैं, जो पुलिस थानों में दर्ज हैं। बड़ी संख्या में ऐसे मामले भी होते हैं, जो न तो थानों तक पहुंचते हैं और न कहीं रिपोर्ट दर्ज होती है। राज्य के मानवाधिकार आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा पुलिस से आठ सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है, लेकिन अभी तक सरकार ने पुलिस अधिकारियों से कोई जवाब नहीं मांगा है
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पिछले साल केंद्र सरकार की सोशल प्रोग्रेस इंडेक्स रिपोर्ट में हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य करार दिया गया था। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक देश भर में हरियाणा महिलाओं, बच्चों के खिलाफ अपराध, दुष्कर्म, अपहरण, डकैती के मामलों में नंबर-1 पर रहा।
अपराध पर रोक लगाने की जरूरत
सांसद ने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में रोज 3 से 4 लोगों की हत्या होती है। रोज 4 से 5 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। एक दर्जन अपहरण और करीब 100 चोरी, लूट, डकैती व फिरौती की वारदातें होती हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि अपहरण का शिकार महिलाएं और बच्चे यौन शोषण और मानव अंग के अवैध व्यापार का शिकार हो सकते हैं, जिन्हें खोजने व ऐसे अपराधों पर रोक लगाने की जरूरत है।
- Log in to post comments
- 1 view