Skip to main content

दिल्ली नगर निगम (MCD) में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। 13 पार्षदों ने आप छोड़कर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नामक नया दल बनाया है। इस दल के गठन से एमसीडी सदन में आप के पार्षदों की संख्या 100 से नीचे आ गई है। वहीं कांग्रेस चौथे स्थान पर खिसक गई है। पार्षदों का आरोप है कि शीर्ष नेतृत्व निगम को चलाने में विफल रहा है।

नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता से जाने के बाद आम आदमी पार्टी अब दो फाड़ हो गया है। आप के 13 पार्षदों ने आप को छोड़कर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के नाम से नया दल बनाने की घोषणा कर दी है। यह दल एमसीडी फिलहाल तीसरे मोर्चे के तौर पर कार्य करेगा।

इसमें निगम सदन से लेकर स्थायी समिति की बैठकों पर निगरानी करेगा। अभी तक चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा आप को छोड़ने की घटनाएं तो पहले कई बार हो चुकी है। यह पहला मौका है जब आप से नाराज पार्षदों ने कोई नया दल बनाया हो।

अब सदन में आप के सिर्फ 98 पार्षद

नए दल के गठन से एमसीडी में आप के पार्षदों की संख्या 100 से नीचे पहुंच गई है। अब 250 सदस्यों वाली एमसीडी में आप के पास 98 पार्षद बचे हैं जबकि भाजपा के पास 117 तो कांग्रेस के पास आठ पार्षद हैं। जबकि 12 वार्ड रिक्त पड़े हैं। इसमें कांग्रेस के लिए भी झटका है क्योंकि राष्ट्रीय पार्टी होने के बाद दिल्ली में कांग्रेस चौथे नंबर की पार्टी बन गई है।

इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के नाम से नई पार्टी का गठन

दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब प्रेसवार्ता करते हुए आप के पूर्व नेता सदन व वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल ने जानकारी दी कि आप की टिकट पर 2022 में चुनाव जीतकर आए पार्षदों की बैठक हुई। इसमें हमने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के नाम से नया दल बनाने का निर्णय लिया है। इसमें मोलड़बंद से पार्षद हेमचंद गोयल को पार्टी का प्रमुख चुना गया है जबकि मुझे पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है। 

शीर्ष नेतृत्व पर पार्षदों ने उठाए सवाल

हम सभी पार्षद आप के शीर्ष नेतृत्व द्वारा निगम को न चला पाने में असमर्थ होने की वजह से इस्तीफा देकर यह निर्णय ले रहे हैं। क्योंकि आप में जब ढाई साल की सत्ता थी तब केवल ऊपर से निर्णय आते थे उसी का पालन करना होता था। अपनी मर्जी से हम कोई कार्य नहीं कर सकते थे। जिससे दिल्ली में कोई विकास कार्य नहीं हो पा रहा था। इसकी वजह से हम नया दल बना रहे हैं। हमारी जिम्मेदारी होगी कि हम निगम सदन की बैठक सुचारू रूप से चले इसको देखेंगे। साथ ही अन्य कमेटियां भी कार्य करती रहे इस पर हमारी नजर होगी। 

हेमचंद गोयल ने कहा कि आप नेताओं ने पार्षदों को कोई फंड नहीं दिया जिसकी वजह से हम क्षेत्र की जनता को कोई जवाब नहीं दे पा रहे थे। अब हम अपनी मर्जी से विकास कार्य करेंगे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि हमारा फिलहाल दिल्ली की राजनीति या अन्य राज्य की राजनीति में कोई चुनाव लड़ने का निर्णय नहीं लिया है। हम केवल निगम से संबंधित कार्यों को देखें।  

इन नेताओं ने की आप से बगावत

आदर्श नगर से पार्षद मुकेश गोयल, मोलडबंद से पार्षद हेमचंद गोयल, वंसत विहार से हिमानी जैन, सदर बाजार से ऊषा शर्मा, बलजीत नगर से रोनाक्षी शर्मा,विकार नगर से अशोक पांडेय,हस्तसाल से राखी यादव, विकास पुरी से साहिब कुमार, हरि नगर से राजेश कुमार लाडी, रानी खेडा से मनीषा, रोहिणी से सुमन अनिल राणा,  बांकनेर से दिनेश भारद्वाज, मयूर विहार फेस दो से देवेंद्र कुमार शामिल हैं।

News Category