Skip to main content

राजस्व सेवा के 15 अधिकारियों को सर्विस बुक जमा नहीं करने पर मुख्यालय में तलब किया गया है। इनमें किशनगंज और रोहतास के सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी समेत कई राजस्व अधिकारी शामिल हैं। इन्हें 15 मई को सचिव जय सिंह के समक्ष उपस्थित होना है। अनुपस्थिति पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पटना। बार-बार आदेश देने के बाद भी सर्विस बुक जमा न करने वाले राजस्व सेवा के 15 अधिकारियों को मुख्यालय में तलब किया गया है। इन्हें कहा गया है कि 15 मई को 10 बजे मुख्यालय आएं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह के समक्ष उपस्थित हों।

इनमें किशनगंज एवं रोहतास के सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी क्रमश: रमण राय और चंदन कुमार शामिल हैं। इनके अलावा, शेखपुरा के सीओ गौरव प्रकाश, मधेपुरा के राजस्व अधिकारी सह कानूनगो काशिफ नवाज, गया के राजस्व अधिकारी सह कानूनगो धीरेंद्र कुमार भी शामिल हैं।

पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहीं सुभांगी को भी बुलाया

वहीं, गोपालगंज की राजस्व अधिकारी सुदीति भूषण, पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहीं सुभांगी कुमारी एवं कोटवा, पश्चिम चंपारण के राजस्व अधिकारी चंदन कुमार को भी मुख्यालय में बुलाया गया है।

सूची में सात अन्य राजस्व अधिकारियों के भी नाम हैं-

अशोक कुमार सिंह-सिंघवारा, रामजी प्रसाद-वारसलीगंज, सत्येंद्र कुमार दिवाकर-बड़हरा, सत्य नारायण झा-बेलदौर, उमेश साह-वसंतपुर, राजन कुमार-लखीसराय एवं सकलदेव कुमार-घोड़ासहन

अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि अगर ये समय पर सचिव के कार्यालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित होगी।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि बिहार राजस्व सेवा के इन 15 को छोड़कर सभी अधिकारियों ने मुख्यालय में अपना सर्विस बुक जमा कर दिया है।

जमीन से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं के लिए अंचलों में बनेंगे कॉमन सर्विस सेंटर

दूसरी ओर, अंचल कार्यालयों में जमीन से जुड़ी सेवाओं के जल्द निबटारे के लिए विशेष प्रबंध किया जा रहा है। विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है।

पत्र में कहा गया है कि हरेक अंचल में एक कामन सर्विस सेंटर के लिए कम से कम दो सौ वर्गफीट जगह, जरूरी फर्नीचर और साधन उपलब्ध कराए जांए। सेंटर पर कोई भी रैयत रजिस्टर टू देख सकते हैं।

निर्धारित शुल्क देकर उसकी प्रति हासिल कर सकते हैं। यहां भू लगान का भुगतान भी लिया जाएगा। इसके अलावा, दाखिल-खारिज, भू मापी, परिमार्जन, भू स्वामित्व प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।