Skip to main content

आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा मेयर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लेने के बाद सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा हार के डर की वजह से आप ने यह फैसला लिया है। आगे विस्तार से जानिए आखिर सीएम रेखा गुप्ता ने आप को लेकर और क्या-क्या बोला है?

 नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हार के डर से 25 अप्रैल को होने वाले मेयर चुनाव से दूर रहने का फैसला करने के लिए सोमवार को आप की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला अंदरूनी कलह और राजनीतिक शर्मिंदगी के डर से जुड़ा हुआ है। 

सीएम गुप्ता ने कहा, "यह अच्छा है कि उन्हें समय रहते यह एहसास हो गया कि हवा उनके खिलाफ बह रही है।" उन्होंने कहा, "आज आप के पार्षद और नेता अपने ही नेताओं से परेशान हैं। पार्टी दिल्ली में तेजी से अपनी जमीन खो रही है और लोग अब उन पर भरोसा नहीं करते।" सीएम गुप्ता ने चुनाव परिणामों पर दोहरे मापदंड अपनाने के लिए आप पर निशाना साधा। 

कार्यक्रम के दौरान क्या बोली रेखा गुप्ता?

सीएम गुप्ता ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "अगर वे कोई चुनाव जीतते हैं, तो वे इसे अपनी लोकप्रियता के संकेत के रूप में प्रचारित करते हैं। अगर वे चुनाव हार जाते हैं, तो वे ईवीएम और पूरी व्यवस्था को दोष देना शुरू कर देते हैं।" 

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पिछले चुनाव में, आप ने 134 वार्ड जीते थे, भाजपा 104 में विजयी रही थी, और कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों को केवल 12 सीटें मिलीं थीं। हालांकि, संसद और दिल्ली विधानसभा में एक दर्जन पार्षदों के निर्वाचित होने के बाद एमसीडी हाउस में पार्टी-वार स्थिति बदल गई है। 

ममूली अंतर से जीते थे महेश खिंची 

आप और कांग्रेस पार्षदों के पलायन ने नगर निगम हाउस में भाजपा की ताकत को भी बढ़ाया है, जिससे आगामी मेयर चुनाव में जीतने की इसकी संभावनाएं बढ़ गई हैं। वर्तमान में, सदन में आप के 125 पार्षद, भाजपा के 115, कांग्रेस के नौ और एक निर्दलीय पार्षद हैं। पिछले मेयर चुनाव में आप पार्षदों की क्रॉस वोटिंग के कारण आप के महेश खिंची मामूली अंतर से जीते थे।

इससे पहले आदर्श नगर धीरपुर में सिविल सेवा अभ्यर्थियों के लिए संकल्प गर्ल्स हॉस्टल के उद्घाटन के अवसर पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए सीएम गुप्ता ने महिला नेतृत्व वाले विकास में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "सबसे बड़ा दान शिक्षा का दान है और जब यूपीएससी की तैयारी जैसे शीर्ष शैक्षणिक क्षेत्र की बात आती है तो इसमें सहयोग किया जाता है, इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती है।"

उन्होंने महिला सिविल अभ्यर्थियों को सहयोग देने के लिए हॉस्टल के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "इस परियोजना को और आगे बढ़ाने की जरूरत है। संकल्प की पहुंच पहले से ही पूरे देश में है, इसे और बढ़ाया जाना चाहिए। इस मंच के माध्यम से मैं एक बार फिर हमारे प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने हमेशा महिला नेतृत्व वाले विकास और महिला नेतृत्व वाली सरकार पर जोर दिया है।"