Skip to main content

जौनपुर समाचार 
महंगाई और गैस किल्लत के खिलाफ आप का जौनपुर में जोरदार प्रदर्शन
जौनपुर: सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि और देशव्यापी किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी, जौनपुर के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर पर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹120 की बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्ग पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की मंशा के कारण आज जनता फिर से लाइनों में लगने को मजबूर है। गैस की किल्लत से होटल, ढाबा और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उपाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह बागी और श्वेता चौधरी ने कहा कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल न खरीदने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिसका बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस ली जाएं और रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। इस दौरान सुभाष चंद्र गौतम, सुशीला देवी, करीना, पूनम, विकास चंद्र यादव, कमलेश भारती, दिनेश कुमार, नंदलाल, भैयालाल, हितेश कुमार, अमित विश्वकर्मा, आनंद यादव, वंदना मिश्रा, विद्याधर मिश्र, निशा, बबलू गुप्ता सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

News Category