होली पर स्पेशल ट्रेनों का तोहफा: दिल्ली–पंजाब से बिहार के लिए 6 अतिरिक्त रेलगाड़ियां,मुरादाबाद रूट को मिलेगी बड़ी राहत
मुरादाबाद: होली के त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। उत्तर भारत से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए छह स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है।
इनमें से पांच ट्रेनें दिल्ली और पंजाब से बिहार के विभिन्न स्टेशनों के बीच चलेंगी और मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरेंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर सबसे अधिक यात्रियों की आवाजाही होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है।
इन ट्रेनों में सामान्य श्रेणी (जनरल) के टिकट पर भी यात्रा की अनुमति रहेगी, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा एक पैसेंजर स्पेशल ट्रेन तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन से मुरादाबाद जंक्शन के बीच चलाई जाएगी। इससे दैनिक यात्रियों और त्योहार पर सफर करने वालों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आदित्य गुप्ता ने बताया कि मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों की संख्या अब 24 तक पहुंच गई है। अधिकांश ट्रेनों में तेजी से आरक्षण हो रहा है और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में पहले की तुलना में कम परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
04616/15 – फिरोजपुर कैंट–दानापुर–फिरोजपुर कैंट
04312/11 – योगनगरी ऋषिकेश–कोलकाता–योगनगरी ऋषिकेश
04614/13 – अमृतसर–कटिहार–अमृतसर
04412/11 – तिलक ब्रिज–मुरादाबाद–तिलक ब्रिज
05575/76 – सहरसा–आनंद विहार–सहरसा
05579/80 – पूर्णिया कोर्ट–आनंद विहार–पूर्णिया कोर्ट
होली के मद्देनज़र चलाई जा रही इन स्पेशल ट्रेनों से उत्तर प्रदेश होकर बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने और यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
- Log in to post comments
- 2 views