Skip to main content

रेस्टोरेंट की लिफ्ट बनी मौत का पिंजरा, बरेली में आधे घंटे तक फंसे रहे 10 बच्चे

लिफ्ट फेल! बच्चों की जान सांसत में, बरेली के नामी रेस्टोरेंट में मचा बवाल

घुप्प अंधेरे में फंसे बच्चे, रेस्टोरेंट प्रबंधन नाकाम, दरवाजा तोड़कर बचाई गई जान

बरेली समाचार

बरेली। राजेंद्रनगर क्षेत्र में सिलेक्शन प्वाइंट के पास स्थित फ्लैशबैक रेस्टोरेंट रविवार शाम उस वक्त दहशत का केंद्र बन गया, जब वहां लगी लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में फेल हो गई। लिफ्ट में भाजपा नेता संजीव शर्मा की बेटी की ननद समेत करीब 10 बच्चे सवार थे, जो अचानक अंधेरे में कैद हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट ऊपर की ओर बढ़ते ही तेज झटके के साथ रुक गई। कुछ ही सेकेंड में बिजली गुल हो गई और लिफ्ट के भीतर घुप्प अंधेरा छा गया। अंदर फंसे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। कोई रोने लगा तो कोई मदद के लिए चीखने लगा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर रेस्टोरेंट में मौजूद लोग सहम गए।

Image removed.

30 मिनट तक सांसें अटकी रहीं

करीब आधे घंटे तक बच्चे और परिजन लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन रेस्टोरेंट का स्टाफ और प्रबंधन हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ। बाहर मौजूद लोग लिफ्ट खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे, लेकिन कोई तकनीकी सहायता समय पर नहीं पहुंची।

परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर भाजपा नेता संजीव शर्मा ने कमल राणा और प्रवीण भारद्वाज से संपर्क किया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े नेता, समिति सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

दरवाजा तोड़कर बचाई गई जान

स्थिति गंभीर होती देख कमल राणा ने साहसिक कदम उठाते हुए लिफ्ट का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही कई बच्चे दहशत के कारण फूट-फूटकर रो पड़े। परिजन उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाते नजर आए।

लापरवाही पर फूटा गुस्सा

घटना के बाद रेस्टोरेंट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों की जान से खिलवाड़ किया गया। लोगों ने सवाल उठाया कि बिना सुरक्षा मानकों की जांच के लिफ्ट का संचालन क्यों किया जा रहा था।

गनीमत रही कि इस खौफनाक हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना रेस्टोरेंट और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल गई।

News Category