Skip to main content

बरेली समाचार 

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ इलाके में रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाजार से लौट रहे एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

रास्ते में घेरकर चार दबंग युवकों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नाजुक हालत में रामगंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं।

यूफिट जिम के पास घेरकर हमला शांति विहार निवासी पप्पू शर्मा के अनुसार उनका 19 वर्षीय बेटा कमल शर्मा रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच मढ़ीनाथ बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह यूफिट जिम के पास पहुंचा, पहले से मौजूद चार युवकों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। कुछ समझ पाता, इससे पहले ही हमलावरों ने चाकुओं से उस पर हमला बोल दिया।

पेट, चेहरे और शरीर पर किए कई वार हमले में कमल के पेट, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर घाव आए हैं। राहगीरों के जुटने से पहले ही आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

चार आरोपी नामजद, रंजिश की आशंका
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों को नामजद किया है। इनमें साहिल मिश्रा (राकेश नगर), शिवा पाठक (मढ़ीनाथ), सन्नी और वरुण (दोनों शांति विहार निवासी) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या वर्चस्व को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

बड़े भाई ने बचाई जान घटना की जानकारी मिलते ही कमल का बड़ा भाई श्याम शर्मा मौके पर पहुंचा। खून से लथपथ हालत में पड़े भाई को उसने एक दोस्त की मदद से मोटरसाइकिल पर बैठाकर तुरंत रामगंगा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

इलाके में दहशत, पुलिस की दबिश
घटना के बाद मढ़ीनाथ और शांति विहार इलाके में दहशत का माहौल है। सुभाषनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

News Category