ट्रैक में दरार देख समय रहते दी सूचना, इज्जतनगर मंडल के कर्मचारी की सूझबूझ से बची जान-माल की हानि
बरेली: पूर्वोत्तर रेलवे में एक छोटी-सी सतर्कता ने बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया। संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर रेलवे प्रशासन ने इज्जतनगर मंडल के कर्मचारी को सम्मानित किया है। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 28 जनवरी 2026 को आयोजित समारोह में तीन कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ की उपाधि से सम्मानित किया।
महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कर्मचारियों को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर इज्जतनगर मंडल के मन्धना स्टेशन पर तैनात इलेक्ट्रिक सिगनल मेंटेनर श्री देवानन्द कुशवाहा के कार्य की विशेष रूप से सराहना की गई।
ट्रैक वेल्डिंग में दरार देख तुरंत दी सूचना घटना 3 नवंबर 2025 की है, जब चैबेपुर स्टेशन मास्टर द्वारा यार्ड क्षेत्र में सिगनल फेल होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही श्री देवानन्द कुशवाहा ने ट्रैक सर्किट की गहन जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान उन्हें ट्रैक वेल्डिंग में गंभीर दरार दिखाई दी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना किसी देरी के इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही रेल पथ निरीक्षक को मौके पर भेजा गया और संबंधित ट्रैक की तत्काल मरम्मत कराई गई।
समय रहते टला बड़ा हादसा रेल प्रशासन के अनुसार यदि समय रहते यह तकनीकी खामी सामने न आती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था, जिससे जान-माल की भारी क्षति होने की आशंका थी। श्री कुशवाहा की सजगता, जिम्मेदारी और त्वरित निर्णय से रेल संरक्षा को मजबूती मिली और संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया।
अधिकारियों ने बताया प्रेरणादायक
इस सराहनीय कार्य के लिए देवानन्द कुशवाहा को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा गया। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने उनके कार्य को प्रेरणादायक बताते हुए प्रशंसा की और उनके उत्साहवर्धन किया।
रेल प्रशासन ने कहा कि कर्मचारियों की ऐसी सतर्कता ही रेल संरक्षा की सबसे बड़ी ताकत है और अन्य कर्मचारियों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
- Log in to post comments
- 3 views