बिल जमा कैंप बना रिश्वतखोरी का अड्डा, रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ विद्युत विभाग का इंजीनियर
बरेली समाचार
बरेली: बिजली कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली का खेल खेल रहे विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुरुवार को ग्राम रसुस्पुर बिलहरी में आयोजित बिजली बिल जमा कैंप के दौरान की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह ने एंटी करप्शन टीम को बताया था कि उनकी मां के नाम से नए बिजली कनेक्शन के लिए एस्टीमेट तैयार कराने के एवज में जूनियर इंजीनियर प्रदीप बाबू भारती द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। रिश्वत न देने पर कनेक्शन प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जा रही थी।
शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी इंजीनियर ने बिल जमा कैंप के दौरान शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एंटी करप्शन टीम के पर्यवेक्षक सान्याल ने किया। टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद जूनियर इंजीनियर प्रदीप बाबू भारती के खिलाफ थाना सिविल लाइन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और खुलासों की भी संभावना जताई जा रही है।
- Log in to post comments
- 4 views