Skip to main content

बदायूं समाचार 

बदायूं: खेती को परंपरा से आगे बढ़ाकर लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम कल यानि रविवार को बदायूं जनपद के दातागंज तहसील में देखने को मिलेगा। उर्वरक उत्पादन एवं विपणन के क्षेत्र में अग्रणी सहकारी संस्था इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी यहां आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में किसानों, युवाओं और ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक एवं व्यावसायिक खेती की नई राह दिखाएंगे।

सम्मेलन में इफको नैनो यूरिया प्लस और डीएपी तरल उर्वरक के उपयोग से कम लागत में अधिक उपज और बेहतर आय के गुर बताए जाएंगे। “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए श्री संघाणी किसानों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस किसान सम्मेलन में करीब 5000 से अधिक किसानों के शामिल होने की संभावना है। इफको अध्यक्ष किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और आधुनिक खेती से जुड़े समाधान साझा करेंगे।

इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी अपनी धर्मपत्नी गीता संघाणी के साथ अहमदाबाद से बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सड़क मार्ग द्वारा देवचरा होते हुए दातागंज किसान सम्मेलन स्थल पर पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के संयोजक एवं दातागंज ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीक, आधुनिक कृषि उपकरण और बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। वहीं सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

पं. दीन दयाल उपाध्याय सत्यवती मेमोरियल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित इस सम्मेलन में प्रगतिशील किसान, जिला सहकारी समितियों के पदाधिकारी, क्रय-विक्रय समितियां तथा इफको के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।


इफको के उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, निदेशक विपणन योगेन्द्र कुमार, इफको ई-बाजार के प्रबंध निदेशक भावेश रादेडिया और मधुलिका शुक्ला की मौजूदगी से किसानों को बाजार और तकनीक से जुड़ी अहम जानकारियां मिलेंगी।

सम्मेलन की खास बात यह रहेगी कि ग्रामीण महिलाएं (दीदीयां) ड्रोन उड़ाकर उर्वरक छिड़काव का लाइव प्रदर्शन करेंगी। इससे किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही विशेषज्ञ मिट्टी परीक्षण, फसल प्रबंधन और खेती से जुड़े व्यापारिक प्रबंधन के टिप्स भी साझा करेंगे।

कृषि विभाग, इफको विपणन, इफको ई-बाजार और कोऑपरेटिव रूरल डेवलपमेंट से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां किसानों को उन्नत बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

News Category