उत्तराखंड हल्द्वानी समाचार
हल्द्वानी। निवेश के नाम पर “पैसा दोगुना” करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. डहरिया स्थित GMFX Global Limited नाम की इन्वेस्टमेंट कंपनी पर करीब ₹39 करोड़ की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है.
मामले की शिकायतें सामने आने के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने स्वयं कंपनी कार्यालय पर छापेमारी की, जहां से कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी द्वारा निवेशकों को दो साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया था. बड़ी संख्या में लोगों ने इस भरोसे पर अपनी जमा-पूंजी ही नहीं, बल्कि कर्ज लेकर भी कंपनी में निवेश किया. लेकिन जब प्रशासन ने कंपनी से यह सवाल किया कि निवेशकों का पैसा कहां लगाया जा रहा है और मुनाफा किस आधार पर दिया जा रहा है, तो कंपनी प्रबंधन कोई ठोस और स्पष्ट जवाब नहीं दे सका.
शेयर बाजार का दावा, लेकिन नहीं दिए सबूत
जांच के दौरान कंपनी पक्ष ने दावा किया कि निवेश की गई राशि का उपयोग शेयर बाजार और जमीन की खरीद-फरोख्त में किया गया है, लेकिन इस संबंध में कोई ठोस दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए जा सके. हैरानी की बात यह रही कि निवेश से जुड़े एग्रीमेंट, लेन-देन और मुनाफे का विवरण रखने वाला ऑनलाइन पोर्टल भी जांच के समय खुल नहीं पाया. इससे कंपनी की कार्यप्रणाली पर और अधिक संदेह गहरा गया है.
यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब कई पीड़ित निवेशकों ने जनता दरबार में शिकायत दर्ज कराई. पीड़ितों का कहना है कि कंपनी के भरोसेमंद दावों पर उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी लगा दी, कुछ लोगों ने बैंक और परिचितों से कर्ज लेकर निवेश किया, लेकिन अब उनकी बड़ी रकम फंसी हुई है और उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा.
- Log in to post comments
- 4 views