बरेली समाचार
बरेली: शनिवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की सुरक्षा में उस समय बड़ी चूक सामने आई, जब पीलीभीत बाईपास पर बजरंग ढाबे के पास अचानक एक गाय उनकी कार के सामने आ गई। गाय से टकराने के कारण वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि डिप्टी सीएम सुरक्षित रहे। घटना के बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उनकी गाड़ी बदलवाई और उन्हें दूसरी कार से सुरक्षित एयरपोर्ट पहुंचाया। घटना के समय डिप्टी सीएम बरेली से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो रहे थे। हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने नगर आयुक्त को इस संबंध में पत्र भेजने की बात कही है, ताकि सड़कों पर आवारा पशुओं की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
डिप्टी सीएम मौर्य का शनिवार का दिन काफी व्यस्त रहा। उन्होंने बरेली में दिवंगत विधायक श्याम बिहारी लाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद प्रेसवार्ता में शामिल हुए और फरीदपुर में ‘वीबी-जी राम जी’ अधिनियम को लेकर आयोजित ग्राम चौपाल में भाग लिया। इसके उपरांत वे बदायूं जिले के बिल्सी पहुंचे, जहां विधायक हरीश शाक्य की माता के निधन पर शोक जताया।
बरेली लौटते समय हुए इस हादसे ने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- Log in to post comments
- 3 views