Skip to main content

उत्तराखंड समाचार 

कोटद्वार: उत्तराखंड के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका सामने आया है। गढ़वाल राइफल्स लैंसडाउन सेना भर्ती कार्यालय की ओर से 15 जनवरी 2026 से अग्निवीर भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती कोटद्वार स्थित गब्बर सिंह कैंप में आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार अग्निवीर भर्ती जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेडमैन पदों के लिए की जाएगी। इस भर्ती में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2025 सफलतापूर्वक पास किया है।

यह भर्ती सेना भर्ती कार्यालय लैंसडाउन के अंतर्गत आने वाले गढ़वाल क्षेत्र के 7 जिलों के पात्र उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार जिले शामिल हैं। इन जिलों से हजारों युवाओं के भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।