Skip to main content

उत्तराखंड रामनगर समाचार

रामनगर: उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रामनगर क्षेत्र से सामने आया है, जहां कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे सावल्दे पश्चिमी वन क्षेत्र, ढेला रेंज (कॉर्बेट टाइगर रिजर्व) में जंगल से लकड़ी लेने गई 65 वर्षीय सुखिया देवी, पत्नी चंदन सिंह, निवासी सावल्दे पश्चिमी, रामनगर पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं क्षेत्र में पहुंचे और पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम के साथ सर्च अभियान चलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद महिला का शव जंगल से बरामद कर लिया गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पहले गुलदार, हाथी और भालू का खतरा बना हुआ था और अब बाघ के हमले से हालात और भी भयावह हो गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में ठोस सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

मौके पर मुख्य वन संरक्षक साकेत बडोला, सहायक निदेशक राहुल मिश्रा, सीओ रामनगर सुमित पांडे, एसडीओ अमित ग्वासिकोटी समेत पुलिस और वन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
 

News Category