Skip to main content
बुझ गया सियासत का उजाला, फरीदपुर विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल नहीं रहे

बरेली समाचार

जन्मदिन के अगले ही दिन बुझ गया सियासत का उजाला, फरीदपुर विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल नहीं रहे

मीटिंग के दौरान थमा जनसेवा का दिल, फरीदपुर विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक निधन

सर्किट हाउस में विकास बैठक के बीच टूटा कहर, भाजपा विधायक को पड़ा घातक दिल का दौरा

जनता के बीच रहने वाले विधायक का यूँ अचानक जाना, फरीदपुर में शोक की लहर

सेवा, सख्ती और सादगी की मिसाल रहे डॉ श्याम बिहारी लाल का असमय निधन

बरेली।  फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर अचानक निधन हो गया। सर्किट हाउस में चल रही एक सरकारी समीक्षा बैठक के दौरान उन्हें दिल का तेज दौरा पड़ा, जिसके बाद पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना उस समय हुई जब सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल भी मौजूद थे। दोपहर लगभग सवा दो बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सहयोगियों और अधिकारियों ने बिना देरी किए उन्हें शहर के मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक व भाजपा नेता डॉ विमल भारद्वाज के अनुसार, विधायक जब अस्पताल लाए गए, तब उन्हें पहले ही कार्डियक अरेस्ट हो चुका था। ब्लड प्रेशर और पल्स नहीं चल रही थी। चिकित्सकों ने करीब एक घंटे तक सीपीआर समेत तमाम जीवनरक्षक प्रयास किए, लेकिन करीब तीन बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉ श्याम बिहारी लाल ने गुरुवार, एक जनवरी को ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। जन्मदिन के ठीक अगले दिन उनका इस तरह अचानक चले जाना सभी के लिए गहरा आघात बन गया। वे फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए थे और क्षेत्र में एक सुलझे हुए, सख्त लेकिन जनहित के लिए हमेशा खड़े रहने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे।

उनके निधन की खबर मिलते ही मेडिसिटी हॉस्पिटल के पीछे स्थित उनके आवास पर प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों का तांता लग गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ देवयानी, भाजपा सांसद छत्रपाल गंगवार, वन मंत्री डॉ अरुण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

News Category