Skip to main content

बिहार में आयोग अप्रैल तक करा सकता है त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव, 1200 से ज्यादा पद खाली

राज्य निर्वाचन आयोग अगले साल अप्रैल तक त्रिस्तरीय पंचायत और ग्राम कचहरी के उप चुनाव की तैयारी कर रहा है, क्योंकि वर्तमान में 1200 से ज्यादा पद खाली हैं। आयोग जल्द ही मतदाता सूची मांगेगा और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू करेगा

अप्रैल तक हो सकते हैं पंचायत उपचुनाव।

  1.  पटना। राज्य निर्वाचन आयोग अगले वर्ष अप्रैल तक एक बार और त्रिस्तरीय पंचायत एवं ग्राम कचहरी उप चुनाव कराने की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में विभिन्न श्रेणी के 1200 से अधिक पद रिक्त होने का अनुमान है। हालांकि अभी तक जिलों से रिक्त पदों अंतिम सूची नहीं मंगाई गई है।

अब शीघ्र ही उप चुनाव कराने के लिए मतदाता सूची की मांग भारत निर्वाचन आयोग करने की तैयारी है। मतदाता सूची मिलने के उपरांत आयोग द्वारा उसका विखंडन वार्डवार, पंचायतवार, प्रखंडवार एवं जिलेवार कराया जाएगा।

इसके उपरांत हर निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से दावा-आपत्ति की मांग की जाएगी। आयोग के अनुसार ज्यादातर पद जनप्रतिनिधियों के निधन, अयोग्य घोषित होने एवं त्याग पत्र देने के कारण रिक्त हैं। आयोग के प्रविधान में अधिकतम छह महीने में रिक्त पद चुनाव कराने की व्यवस्था है। इसी को ध्यान में रखते हुए उप चुनाव कराने की पहल की जा रही है।