बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर, तेजप्रताप यादव ने राजद में वापसी की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल के साथ चुनाव लड़ेंगे। इस बीच, जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार को वीआईपी का समर्थन मिला है, जिसे महागठबंधन का समर्थन माना जा रहा है। बिहार में दो चरणों में मतदान होगा और परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Election 2025) को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ रहा है। एक तरफ चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ताल ठोक रही है तो दूसरी तरफ लालू यादव के बड़े बेटे और तेजस्वी यादव के भाई तेजप्रताप अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल को लेकर मैदान में उतरे हुए हैं।
सियासी गलियारों में ऐसी हवा उड़ी है कि अगर जनशक्ति जनता दल के कुछ उम्मीदवार चुनाव जीते तो तेजप्रताप राजद में वापसी कर सकते हैं। इस अटकलबाजी पर अब खुद तेजप्रताप यादव ने पूर्ण विराम लगा दिया है।
क्या राजद में वापसी करेंगे तेजप्रताप यादव?
तेजप्रताप यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में साफ कहा कि राजद में वापसी करने की बात पूरी तरह से झूठी व गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं होगा। मैं इसका खंडन करता हूं। जिसने भी ऐस कहा है, वह गलत है। इसके अलाव, तेजप्रताप ने बिहार के लोगों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं।
दूसरी ओर, जनशक्ति जनता दल से जुड़ी एक और अहम खबर सामने आई है। सुगौली विधानसभा सीट पर तेजप्रताप की पार्टी जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी श्याम किशोर चौधरी को मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी का समर्थन मिल गया है। दावा किया जा रहा है कि यह केवल वीआईपी नहीं, बल्कि महागठबंधन का समर्थन है।
ध्यान रहे कि सुगौली सीट पर महागठबंधन के दल वीआईपी के प्रत्याशी का नामांकन रद हो गया था। जिसके बाद अब सहनी ने श्याम किशोर चौधरी को समर्थन देने की बात कही है। बता दें कि तेजप्रताप यादव की पार्टी 21 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
गौरतलब है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहले फेज की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे फेज की वोटिंग 11 नवंबर को पूर्ण की जाएगी। 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
- Log in to post comments
- 7 views