Skip to main content

पटियाला के गुरु नानक नगर में दिलप्रीत सिंह नामक एक युवक ने शादी के तीन महीने बाद पत्नी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक का शव भाखड़ा नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने पत्नी ससुर और मामा ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पारिवारिक कलह और पत्नी द्वारा संपत्ति के लिए दबाव बनाने से तंग आकर दिलप्रीत ने यह कदम उठाया।

पटियाला। थाना अर्बन एस्टेट के अंतर्गत गुरु नानक नगर में एक युवक ने शादी के तीन महीने बाद ही पत्नी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है। उसका शव बीती 19 अगस्त को खनौरी इलाके से भाखड़ा नहर से मिला है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय दिलप्रीत सिंह निवासी गुरु नानक नगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने मृतक के बड़े भाई जसप्रीत सिंह के बयानों पर आरोपित पत्नी हिमानी स्याल, ससुर सूरज कुमार निवासी गांव चौरा पटियाला व गरविंदर सिंह निवासी सनौर के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना अर्बन एस्टेट के प्रभारी अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि फिलहाल केस दर्ज हुआ है, जल्द ही आरोपित भी गिरफ्तार कर लेंगे।

जसप्रीत के अनुसार उसके भाई दिलप्रीत सिंह की शादी हिमानी के साथ बीती 28 मई को हुई थी। शादी के बाद से ही दंपती के बीच झगड़ा होने लगा था। पारिवारिक तौर पर कई बार दोनों को समझाया, लेकिन दिलप्रीत बताता था कि पत्नी के कहने पर ससुर व मामा ससुर गुरविंदर सिंह उसे परेशान करते हैं। पत्नी तीन लाख रुपये कैश व जायदाद उसके नाम पर करवाने के लिए परेशान करती है।

ससुर व मामा ससुर भी दबाव बनाते हैं। पंचायती तौर पर हिमानी ने समझौता करते हुए दोबारा तंग न करने की बात कही थी। इसके बाद भी जुलाई में हिमानी स्याल झगड़े के बाद घर छोड़कर चली गई। इसके बाद ससुर सूरज कुमार व मामा ससुर गुरविंदर सिंह ने दिलप्रीत सिंह पर हिमानी स्याल को गायब करने के आरोप लगाते हुए परेशान करना शुरू कर दिया था।

अगस्त में राखी वाले दिन दिलप्रीत को इंटरनेट पर डाली फोटो स्टेट्स से जानकारी मिली कि उसकी पत्नी तो मायके पहुंच गई है और उसे बिना वजह परेशान किया जा रहा है। वह ससुराल पहुंचा, जहां से लौटने के बाद 16 अगस्त को दिलप्रीत काम पर गया, लेकिन लौटा नहीं। बाद में दिलप्रीत का शव भाखड़ा नहर खनौरी से बरामद हुआ, क्योंकि उसने ससुरालियों व पत्नी से परेशान होकर नहर में कूद आत्महत्या कर ली थी।

News Category