
पहाड़ों का मौसमी फल आडू दिल्ली मुंबई जैसे शहरों में खूब पसंद किया जा रहा है। हल्द्वानी मंडी में रोजाना 50 टन आडू आ रहा है जिसमें से 70% दूसरे राज्यों को भेजा जा रहा है। उत्तराखंड के आडू की मांग औषधीय गुणों के कारण बढ़ रही है जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है। इस बार अच्छी गुणवत्ता के चलते फलों की मार्केट में भारी मांग है।
हल्द्वानी। पर्वतीय क्षेत्रों का मौसमी फल आडू दूसरे राज्यों में छा रहा है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात आदि राज्यों में आडू की काफी डिमांड है। हल्द्वानी बाजार की तुलना में बाहर आडू ज्यादा बिक रहा है। नवीन मंडी में रोजाना करीब 50 टन आडू पहाड़ से पहुंच रहा है।
वहीं स्थानीय व्यापारी केवल 30 प्रतिशत ही खरीद रहे हैं। जबकि 70 से 75 प्रतिशत आडू बाहरी राज्यों को भेजा जा रहा है। उत्तराखंड के पारंपरिक फलों की पहचान अब देश विदेश तक हो रही है।
मई-जून माह में आने वाला मौसमी फल आडू की डिमांड अपने राज्य से ज्यादा दूसरे राज्यों में हो रही हैं। यह औषधीय गुणों से भरपूर है। जिले के पर्वतीय क्षेत्र रामगढ़, धारी, भीमताल, ओखलकांडा आदि जगहों पर आडू का अच्छा उत्पादन होता है। यहां से किसान हल्द्वानी की नवीन मंडी में आडू बेचते है।
रोजाना 50 से 70 टन आडू की आवक
मंडी में रोजाना 50 से 70 टन आडू की आवक हो रही है। इसके बावजूद बाजार में उतनी मात्रा में आडू बिकता नहीं दिख रहा है। क्योंकि हल्द्वानी मंडी से ज्यादा अन्य राज्यों में इसकी खूब डिमांड है। इससे पहाड़ के काश्तकार, व्यापारियों को काफी फायदा हो रहा है।
हल्द्वानी से रोजाना 70 प्रतिशत आडू की सप्लाई दिल्ली, पंजाब, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र और यूपी आदि की मंडियों में हो रही है। यहां फलों के दाम भी अच्छे मिल रहे हैं। हल्द्वानी की थोक मंडी मंडी में आडू की कीमत 30 से 50 रुपये प्रति किलो हैं। जबकि अन्य राज्यों की मंडियों के व्यापारी 100 रुपये किलों तक खरीद रहे हैं। इससे किसान और व्यापारी दोनों अच्छा मुनाफा पा रहे हैं।
मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह ने बताया कि 1,915 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 2,42,457 क्विंटल आडू का उत्पादन होता हैं। आडू के स्वाद और उसके गुणों के कारण बाहरी राज्यों में इसकी डिमांड काफी है। कई किसान अपने संपर्क से ही दूसरे राज्यों में आडू बेच रहे हैं।
बाहर अच्छी क्वालिटी का आडू भेजा जाता है। इस बार मौसम सही होने से अच्छी क्वालिटी का फल तैयार हुआ हैं। इससे फलों की मार्केट में भारी मांग बढ़ गई है। - कैलाश जोशी, अध्यक्ष, आलू फल आढ़ती एसोसिएशन
दूसरे राज्यों से आडू की डिमांड काफी आ रही हैं। मंडी से रोजाना 50 से 60 गाड़ियां दूसरे प्रदेश की मंडी को जाती हैं। इसके अलावा खुमानी, पोलम आदि की भी सही डिमांड आ रही है। - सज्जाद अली, मंडी व्यापारी
पहाड़ों का सीजन फल आडू की दिल्ली, मुंबई, गुजरात के बाजार में काफी डिमांड हैं। रामगढ़ के कुछ किसान आडू उत्पादन कर स्वयं ही पैकिंग कर दूसरे राज्यों के व्यापारियों बेच रहे है। इससे किसान की आर्थिकी सुधर रही है। - जगदीश पांडे, किसान रामगढ़
आडू, खुमानी की खेती किसानों को काफी फायदा दे रही हैं। हल्द्वानी से ज्यादा दूसरे शहरों में आडू का अच्छा दाम मिल रहा है। साथ ही दूसरे राज्यों में हमारे उत्तराखंड का आडू प्रसिद्ध हो रही है। - दिनेश रावत, किसान बेतालघाट
- Log in to post comments
- 2 views